कूनो राष्ट्रीय उद्यान में बढ़ा चीतों का कुनबा, 9 नए चीते छोड़े

कूनो राष्ट्रीय उद्यान में बढ़ा चीतों का कुनबा, 9 नए चीते छोड़े
– चीतों क़ी कुल संख्या 48 पर पहुँची
भोपाल, यश भारत । मध्य प्रदेश स्थित कूनो राष्ट्रीय उद्यान में सोमवार को बोत्सवाना से लाए गए 9 चीतों को निर्धारित क्वारंटीन बाड़ों बोमा में छोड़ा गया। केंद्रीय पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने औपचारिक रूप से इन चीतों को क्वारंटीन क्षेत्र में रिलीज किया। यह पहल प्रोजेक्ट चीता के तहत की गई है।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार सभी चीते स्वस्थ हैं और उनकी नियमित स्वास्थ्य जांच की जा रही है। तय दिशा निर्देशों के अनुसार उन्हें कुछ समय तक निगरानी और नए वातावरण के अनुरूप ढलने की प्रक्रिया से गुजरना होगा। विशेषज्ञों की टीम उनके व्यवहार भोजन और गतिविधियों पर लगातार नजर रखेगी। अनुकूलन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें चरणबद्ध तरीके से खुले जंगल में छोड़ा जाएगा।
इन 9 चीतों के आगमन के साथ ही कूनो राष्ट्रीय उद्यान में चीतों की कुल संख्या अब 48 हो गई है। इनमें 28 शावक भारत में जन्मे हैं। इसे संरक्षण परियोजना की बड़ी सफलता माना जा रहा है। भारतीय धरती पर चीतों का प्रजनन होना वन्यजीव संरक्षण के लिए सकारात्मक संकेत है।
इस अवसर पर केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री राज कुमार सिंह और क्षेत्रीय सांसद शिवमंगल सिंह तोमर सहित अन्य जनप्रतिनिधि वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।







