सोडा वाटर पीने के बाद बिगड़ी किशोर की तबीयत, अस्पताल में मौत

सोडा वाटर पीने के बाद बिगड़ी किशोर की तबीयत, अस्पताल में मौत
परिजनों ने बताया- किशोर को पहले से थी टीबी की बीमारी
भोपाल, यशभारत। राजधानी के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में एक 17 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि सोमवार शाम सोडा वाटर पीने के बाद किशोर को लगातार उल्टियां हुईं, जिसके बाद उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार देर रात इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अब्दुल रहमान (17), निवासी जिंसी पुलिस चौकी के पीछे, के रूप में हुई है। वह एक निजी काम करता था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि सोमवार शाम अब्दुल ने बाहर कहीं सोडा वाटर पिया था। घर लौटने के बाद रात में उसे अचानक उल्टियां होने लगीं। जब परिजनों ने उससे पूछा तो उसने सोडा वाटर पीने की बात बताई।
मंगलवार सुबह जब उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ, तो परिजन उसे तुरंत हमीदिया अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उसे भर्ती कर उपचार शुरू किया, लेकिन दो दिनों के संघर्ष के बाद बुधवार रात उसकी मौत हो गई।
पुरानी बीमारी की भी बात आई सामने
पूछताछ में परिजनों ने यह भी बताया कि अब्दुल को पहले से टीबी की बीमारी थी और उसे अक्सर सिरदर्द की शिकायत भी रहती थी। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि मौत का कारण सोडा वाटर से हुई फूड पॉइजनिंग है या फिर उसकी पुरानी बीमारी के कारण तबीयत अधिक बिगड़ी।
जहांगीराबाद थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल आसपास के क्षेत्र में यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि क्या सोडा वाटर में किसी तरह की मिलावट थी या यह एक सामान्य शारीरिक प्रतिक्रिया थी।







