देश

शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया ने जीती पहली टेस्ट सीरीज

वेस्टइंडीज का किया सूपड़ा साफ

दिल्ली,एजेंसी। शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया ने पहली बार टेस्ट सीरीज जीती है। इंग्लैंड के दौरे पर शुभमन गिल पहली बार भारत की टेस्ट टीम के कप्तान बने थे। हालांकि, उस 5 मैचों की सीरीज में भारत को जीत नहीं मिली थी। 2-2 से वह सीरीज ड्रॉ रही थी, लेकिन अब घरेलू सरजमीं पर टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज का 2-0 से सूपड़ा साफ कर दिया है। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए दूसरे टेस्ट को भारत ने 7 विकेट से जीता और सीरीज 2-0 से अपने नाम की।

इस मुकाबले में भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी थी। भारत ने 518/5 पर पारी घोषित कर दी थी। पहली पारी में यशस्वी जायसवाल (175) और शुभमन गिल (129) के बल्लों से शतक निकला था। साई सुदर्शन ने 87 रनों की पारी खेली थी। उधर, वेस्टइंडीज की पहली पारी को भारत ने 248 रनों पर समेट दिया था। कुलदीप यादव ने पहली पारी में 5 विकेट वेस्टइंडीज के चटकाए थे। भारत को 270 रनों की बढ़त मिली थी। ऐसे में फॉलोजॉन भी वेस्टइंडीज को भारत ने दे दिया था। हालांकि, वेस्टइंडीज ने 390 रन दूसरी पारी में बना दिए थे।

270 रनों से पहली पारी में पीछे रहने वाली वेस्टइंडीज को 120 रनों की बढ़त मिली थी और भारतीय टीम के सामने जीत के लिए 121 रनों का लक्ष्य था। वेस्टइंडीज के लिए दूसरी पारी में जॉन कैम्पबेल ने 115 रन और शाई होप ने 103 रनों की पारी खेली। वहीं, भारत ने मैच के आखिरी दिन 3 विकेट खोकर 121 रनों के लक्ष्य को हासिल कर लिया, जिसमें केएल राहुल का अर्धशतक शामिल था। भारत ने घर पर आखिरी सीरीज में मात झेली थी। इस सीरीज के पहले मैच में भारत ने पारी और 140 रनों से वेस्टइंडीज को हराया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button