पाकिस्तान में सुसाइड अटैक: सेना की चेक पोस्ट पर धमाका, 5 बच्चों सहित 18 की मौत
हमले की जिम्मेदारी उस्तुद उल खोरासन (USK) नामक आतंकी संगठन ने ली

इस्लामाबाद,एजेंसी। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बड़ा आतंकी हमला हुआ है। अफगानिस्तान सीमा से सटे मीरानशाह इलाके में एक सुसाइड बॉम्बर ने बाइक सहित पाकिस्तानी सेना की चेक पोस्ट से टकराकर खुद को उड़ा लिया। धमाका इतना जोरदार था कि चेक पोस्ट और आसपास का इलाका क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार हमले में 5 बच्चों सहित करीब 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना बुधवार शाम करीब साढ़े चार बजे चश्मा पुल के पास हुई, जहां आसपास बाजार भी लगा हुआ था।
बताया जा रहा है कि बाइक में भारी मात्रा में विस्फोटक भरा हुआ था, जिसके कारण धमाके के बाद आसपास की कई दुकानों में आग लग गई और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
इस हमले की जिम्मेदारी उस्तुद उल खोरासन (USK) नामक आतंकी संगठन ने ली है, जो इत्तिहाद उल मुजाहिदीन पाकिस्तान (IMP) से जुड़ा बताया जा रहा है। इस संगठन का नेतृत्व हाफिज गुल बहादुर करता है, जिसे हमले का मास्टरमाइंड माना जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक हाफिज गुल बहादुर के संबंध आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर से भी बताए जाते हैं। बताया जाता है कि उसने अपने मदरसे के जरिए आतंकियों को प्रशिक्षण देकर विभिन्न आतंकी संगठनों के लिए तैयार किया और उन्हें अफगानिस्तान तथा कश्मीर क्षेत्र में सक्रिय किया।







