स्नूकर क्लब में छात्र पर 30 सेकंड में 27 वार

स्नूकर क्लब में छात्र पर 30 सेकंड में 27 वार
थप्पड़ का हिसाब चुकता करने फिल्मी स्टाइल में आए दो नाबालिग, हाथ की उंगलियां कटीं, पीठ और कंधे पर गहरे जख्म।
भोपाल, यश भारत। राजधानी के टीला जमालपुरा इलाके में रंजिश और सनक का एक खौफनाक मंजर सामने आया है। गणेश चौक स्थित एक स्नूकर क्लब में 10वीं के छात्र पर दो नाबालिगों ने महज 30 सेकंड के भीतर चाकू और छुरियों से 27 बार हमला किया। वारदात इतनी वीभत्स थी कि छात्र के हाथ की दो उंगलियां कट गईं और शरीर पर अनगिनत जख्म हैं। घटना 15 फरवरी की है, लेकिन शनिवार (22 फरवरी) को इसका रोंगटे खड़े कर देने वाला सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है।
कोचिंग का विवाद बना जानलेवा दुश्मनी
पुलिस जांच के मुताबिक, हमलावर और पीड़ित छात्र एक ही कोचिंग संस्थान में साथ पढ़ते हैं। कुछ दिनों पहले उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें पीड़ित ने एक आरोपी को थप्पड़ मार दिया था। इसी अपमान का बदला लेने के लिए आरोपियों ने पूरी प्लानिंग की। वे जानते थे कि छात्र शाम को स्नूकर क्लब आता है, जहां उन्होंने घेराबंदी कर हमला कर दिया।
30 सेकंड का डेथ ट्रैप
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि दो लड़के फिल्मी अंदाज में क्लब के भीतर घुसते हैं। बिना एक शब्द बोले, वे अपनी कमर से छुरियां निकालते हैं और छात्र पर टूट पड़ते हैं।
आरोपी इतनी तेजी से वार कर रहे थे कि छात्र को संभलने या भागने का मौका तक नहीं मिला। छात्र के हाथ में 10 से ज्यादा कट लगे हैं, पीठ और कंधे लहूलुहान हैं। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।







