संदिग्ध हालत में छत से गिरी छात्रा की मौत, अस्पताल में शव छोड़ साथी फरार; हत्या का आरोप

संदिग्ध हालत में छत से गिरी छात्रा की मौत, अस्पताल में शव छोड़ साथी फरार; हत्या का आरोप
भोपाल, यशभारत। राजधानी के चूनाभट्टी थाना क्षेत्र स्थित पारिक सोसाइटी में बुधवार को एक कॉलेज छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्रा बहुमंजिला इमारत की छत से नीचे गिरी थी। उसे गंभीर हालत में उसका एक परिचित युवक अस्पताल ले गया, लेकिन मौत की पुष्टि होते ही वह वहां से फरार हो गया। परिजनों ने युवक पर मारपीट और हत्या कर नीचे फेंकने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच हत्या, आत्महत्या और दुर्घटना, तीनों एंगल से कर रही है।
कॉलेज जाने का कहकर निकली थी प्रिया
जानकारी के अनुसार, ईश्वर नगर निवासी प्रिया मेहरा (पिता कैलाश मेहरा) नूतन कॉलेज की छात्रा थी। बुधवार सुबह वह घर से कॉलेज जाने का कहकर निकली थी, लेकिन दोपहर में उसके पारिक सोसाइटी की छत से गिरने की खबर आई। वह वहां कैसे पहुंची और उस वक्त वहां क्या कर रही थी, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है।
पूर्व पड़ोसी की भूमिका संदिग्ध, अस्पताल से हुआ रफूचक्कर
घटना के बाद छात्रा का पूर्व पड़ोसी कपिल तुषार उसे आनन-फानन में जेपी अस्पताल लेकर पहुंचा। जैसे ही डॉक्टरों ने प्रिया को मृत घोषित किया, कपिल वहां से गायब हो गया। मौके पर मौजूद और सूत्रों के मुताबिक, घटना से पहले प्रिया और कपिल को सोसाइटी की छत पर देखा गया था, जहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। आरोपी का अस्पताल से भागना पुलिस के लिए सबसे बड़ा संदेह का कारण बना हुआ है।
परिजनों के रोंगटे खड़े करने वाले आरोप
मृतका के पिता कैलाश मेहरा ने बताया कि प्रिया उनकी इकलौती बेटी थी। इससे पहले वे अपने इकलौते बेटे को भी एक हादसे में खो चुके हैं। पिता का आरोप है कि प्रिया के शरीर पर ऐसे चोट के निशान हैं, जो केवल गिरने से नहीं आ सकते। उन्होंने आशंका जताई है कि छत से फेंकने से पहले उसके साथ मारपीट की गई थी। परिजनों ने सवाल उठाया है कि अगर यह हादसा था, तो कपिल उसे छोड़कर क्यों भागा?
जांच के घेरे में ‘लव ट्रायंगल’ या विवाद
पुलिस अब छात्रा और युवक के कॉल डिटेल्स (CDR) खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या दोनों के बीच पहले से कोई विवाद चल रहा था या यह किसी सनक का परिणाम है। शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट से मौत के सही कारणों का पता चलेगा।
इनका कहना है..
फिलहाल मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। युवती की छत पर मौजूदगी और युवक के फरार होने के पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। शरीर पर जो घाव के निशान है वो पुराने है या नये पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ होगी। फरार युवक की तलाश के लिए टीमें भेजी गई हैं।
थाना प्रभारी, चूनाभट्टी- धर्मैद्र मौर्या







