भोपालमध्य प्रदेश

इंदौर जल त्रासदी पर सदन के बाहर संग्राम, आज 20 हजार करोड़ का अनुपूरक बजट और आर्थिक सर्वेक्षण पेश होगा

इंदौर जल त्रासदी पर सदन के बाहर संग्राम, आज 20 हजार करोड़ का अनुपूरक बजट और आर्थिक सर्वेक्षण पेश होगा

भोपाल, यशभारत। मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र का दूसरा दिन मंगलवार को भारी हंगामे और सियासी टकराव की भेंट चढ़ता नजर आ रहा है। एक तरफ सरकार करीब 20 हजार करोड़ रुपये का तीसरा अनुपूरक बजट और आर्थिक सर्वेक्षण पेश करने की तैयारी में है, तो दूसरी तरफ विपक्ष ने इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों को लेकर बोतल बंद विरोध प्रदर्शन कर सरकार को घेरा।
विपक्ष का बोतल बंद प्रदर्शन: इंदौर जल रहा है, सरकार सो रही है
सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक हाथों में गंदी पानी की बोतलें लेकर विधानसभा पहुंचे। गांधी प्रतिमा के सामने नारेबाजी करते हुए सिंघार ने कहा, इंदौर की जनता श्मशान जा रही है और जिम्मेदार कुर्सियों पर बैठे हैं। उज्जैन से विधायक महेश परमार ने दावा किया कि दूषित पानी से 35-40 मौतें हुई हैं, जो पूरे विश्व में प्रदेश को शर्मसार करने वाली घटना है। कांग्रेस ने दोषियों पर कार्रवाई के बजाय उन्हें प्रमोशन देने का गंभीर आरोप लगाया और जिम्मेदार मंत्रियों के इस्तीफे की मांग की।
सत्ता पक्ष का पलटवार: पुराने जख्मों की दिलाई याद
कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा विधायक उमाकांत शर्मा ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने इसे कांग्रेसी ढोंग बताते हुए कहा कि भोपाल गैस त्रासदी में हजारों मौतें हुई थीं, क्या तब मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह ने इस्तीफा दिया था? वहीं, दमोह नर्स प्रताड़ना मामले में घिरीं भाजपा विधायक उमा खटीक ने सफाई देते हुए कहा कि उनका किसी को संरक्षण नहीं है और मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए।
आज सदन के पटल पर क्या:
तीसरा अनुपूरक बजट: वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा चालू वित्तीय वर्ष के लिए करीब ₹20,000 करोड़ की अतिरिक्त मांग का प्रस्ताव रखेंगे।
आर्थिक सर्वेक्षण: सरकार प्रदेश की विकास दर और आर्थिक स्थिति का ब्योरा सदन में रखेगी।
राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा: कल के भारी हंगामे के बाद आज राज्यपाल मंगुभाई पटेल के अभिभाषण पर औपचारिक चर्चा शुरू होगी।
सियासी गलियारों में चर्चा: उत्तम स्वामी केस से किनारा
हाईप्रोफाइल कथावाचक उत्तम स्वामी पर लगे दुष्कर्म के आरोपों के बाद अब उनके करीबियों ने दूरी बनाना शुरू कर दिया है। बरगी विधायक नीरज सिंह ठाकुर ने स्पष्ट किया कि वे आयोजन में जरूर थे, लेकिन आयोजक नहीं हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button