जबलपुरदेशभोपालमध्य प्रदेशराज्य

एसटीएफ का बड़ा खुलासा: 120 किलो गांजे के साथ संगठित गिरोह का सरगना और दो साथी गिरफ्तार

जबलपुर,  एसटीएफ ने अवैध मादक पदार्थ गांजे की तस्करी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए लगभग 120 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस कार्रवाई में गिरोह के सरगना सहित तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। एसटीएफ के विशेष पुलिस महानिदेशक, श्री पंकज कुमार श्रीवास्तव (भा.पु.से.) के निर्देश पर सभी यूनिटों द्वारा संगठित अपराधों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।

जबलपुर एसटीएफ इकाई द्वारा की गई यह महत्वपूर्ण कार्रवाई पुलिस अधीक्षक एसटीएफ श्री राजेश सिंह भदौरिया एवं एआईजी श्री नवीन कुमार चौधरी के निर्देशन में उप पुलिस अधीक्षक एसटीएफ श्रीमती कल्याणी वरकड़े एवं श्री संतोष तिवारी के नेतृत्व में टीम द्वारा की गई।

वारदात का तरीका और गिरफ्तारी:

एसटीएफ इकाई जबलपुर को गुप्त सूचना मिली थी कि मानपुर-ताला की ओर से उमरिया तरफ एक बिना नंबर की सिल्वर रंग की स्विफ्ट डिजायर कार में कुछ लोग अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर आने वाले हैं। इस सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और उनके निर्देशानुसार टीम ने ताला वन विभाग के बैरियर पर घेराबंदी की।

मुखबिर द्वारा बताई गई बिना नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार मानपुर तरफ से उमरिया की ओर आती दिखाई दी, जिसे बैरियर पर हमराह स्टाफ और स्वतंत्र गवाहों की मदद से रोका गया। कार में तीन व्यक्ति बैठे हुए थे। पूछताछ करने पर कार चला रहे व्यक्ति ने अपना नाम शिवम उर्फ इंद्र बहादुर सिंह (27), निवासी ग्राम व पोस्ट बरतरा, थाना खैरहा, तहसील बुढार, जिला शहडोल बताया। सामने की सीट पर बैठे व्यक्ति ने अपना नाम करन सिंह (30), निवासी सोहागपुर वार्ड नं. 04, ख्वाजा नगर, बाणगंगा, सोहागपुर, शहडोल बताया, जबकि पीछे की सीट पर बैठे व्यक्ति ने अपना नाम प्रदीप कुमार पटेल (34), निवासी ग्राम सिगुड़ी, थाना मानपुर, जिला उमरिया बताया।

एसटीएफ की टीम ने गवाहों के समक्ष बिना नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार की तलाशी ली, जिसमें चार काले रंग की प्लास्टिक की बोरियां मिलीं। बोरियों को खोलने पर भूरे रंग के पैकेट में मादक पदार्थ भरा हुआ पाया गया। तीनों व्यक्तियों – शिवम उर्फ इंद्र बहादुर सिंह, करन सिंह और प्रदीप कुमार पटेल – से पूछने पर उन्होंने गांजा होना स्वीकार किया और अपना जुर्म कबूल किया। मौके पर ही विधिवत रूप से अवैध मादक पदार्थ गांजे की जब्ती कर वैधानिक कार्यवाही की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button