
जंगल के रास्ते ‘पुष्पा’ मॉडल तस्करी पर STF का बड़ा वार, 599 किलो गांजा ट्रक समेत जब्त
जबलपुर, यश भारत। मध्य प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ STF को एक और बड़ी सफलता मिली है। ओडिशा से मध्य प्रदेश लाया जा रहा 599 किलोग्राम गांजा STF ने ट्रक क्रमांक JH 02 BL 7103 सहित जब्त किया है। जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 80 लाख रुपये बताई जा रही है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त ट्रक की कीमत लगभग 30 लाख रुपये है। यह कार्रवाई छत्तीसगढ़–मध्य प्रदेश सीमा से लगे अनूपपुर जिले के थाना जेतहरी क्षेत्र के घने जंगल मार्ग पर की गई, जहां से तस्कर माल को सुरक्षित निकालने की कोशिश कर रहे थे।
पुष्पा स्टाइल तस्करी का पर्दाफाश
STF की जांच में सामने आया कि ट्रक के भीतर लोहे की चादरों से बना विशेष गुप्त केबिन तैयार किया गया था, जो बाहर से बिल्कुल दिखाई नहीं देता था। इसी छुपे हुए केबिन में गांजे के पैकेट्स भरकर परिवहन किया जा रहा था, ताकि सामान्य जांच से बचा जा सके। STF की सतर्कता और सटीक सूचना के चलते यह हाई-टेक तस्करी पकड़ी गई।

दो आरोपी गिरफ्तार, नेटवर्क की जांच तेज
कार्रवाई के दौरान ट्रक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया—
1. अंकित विश्वकर्मा, निवासी जिला सीधी
2. धनंजय सिंह पटेल, निवासी जिला सतना
STF अब आरोपियों से गांजे के स्रोत, ओडिशा से मध्य प्रदेश तक के रूट, और प्रदेश में इसके संभावित विक्रेताओं व खरीदारों के नेटवर्क को लेकर विस्तृत पूछताछ कर रही है।
किसके नेतृत्व में हुई कार्रवाई:
यह पूरी कार्रवाई पुलिस महानिदेशक मध्य प्रदेश श्री कैलाश मकवाणा के निर्देशन में चल रहे “नशा से दूरी” अभियान के तहत की गई। STF प्रमुख / विशेष पुलिस महानिदेशक श्री पंकज कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में, STF इकाई जबलपुर ने यह ऑपरेशन अंजाम दिया। गोपनीय सूचना पर पुलिस अधीक्षक STF जबलपुर श्री राजेश सिंह भदौरिया के निर्देशन में दो विशेष टीमें गठित की गईं, जिनका नेतृत्व उप पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कुमार तिवारी एवं निरीक्षक श्री गणेश सिंह ठाकुर ने किया।
STF की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि चाहे तस्कर जंगल के रास्ते अपनाएं या ट्रक में छुपे हुए केबिन बनाएं, मध्य प्रदेश में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। आने वाले दिनों में इस मामले से जुड़े और बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है।







