देश की सेवा कर रहा बेटा, लेकिन माँ पड़ोसी के आतंक से परेशान
न्याय की आस में दर-दर भटक रही सरहद के सिपाही की माँ

जबलपुर। एक ओर जहाँ बेटा सरहद पर देश की रक्षा कर रहा है, वहीं उसकी माँ अपने ही शहर में न्याय के लिए दर-दर की ठोकरें खा रही है। मामला जबलपुर के व्हीकल बिलपुरा क्षेत्र का है, जहाँ एक सीमा पर तैनात सैनिक की वृद्ध माँ अपने पड़ोसी की प्रताड़ना से बेहद परेशान है।
जनसुनवाई के दौरान महिला ने बताया कि उसका बड़ा बेटा सेना में तैनात है और छोटा बेटा इंदौर में पढ़ाई कर रहा है। जबकि वह अकेली जबलपुर में रहती हैं। आरोप है कि उनका पड़ोसी लगातार झूठी शिकायतें कर उन्हें परेशान कर रहा है और मकान बेचने का दबाव बना रहा है।
महिला ने कहा कि वह वर्षों से शांति से जीवन बिता रही थीं, लेकिन अब पड़ोसी की गंदी हरकतों और धमकियों से भयभीत हैं। शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होने से वह न्याय की आस में दर-दर भटकने को मजबूर हैं।
यह मामला न केवल एक सैनिक की माँ की व्यथा को उजागर करता है, बल्कि स्थानीय कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है। समाज और प्रशासन से अपेक्षा है कि ऐसे मामलों में तुरंत हस्तक्षेप कर पीड़ित महिला को न्याय दिलाया जाए।







