सिग्नल फेल, सिस्टम बेहाल: प्रभात चौराहे पर ई-रिक्शा चालकों का कब्जा, जाम से जनता बेहाल

सिग्नल फेल, सिस्टम बेहाल: प्रभात चौराहे पर ई-रिक्शा चालकों का कब्जा, जाम से जनता बेहाल
भोपाल, यशभारत। राजधानी का व्यस्ततम प्रभात चौराहा इन दिनों अव्यवस्था का केंद्र बन गया है। चौराहे पर ट्रैफिक सिग्नल बंद होने का सीधा फायदा ई-रिक्शा चालक उठा रहे हैं। बीच सड़क पर वाहन खड़े कर सवारी बैठाने की होड़ ने यातायात की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। आलम यह है कि पीक ऑवर्स में यहाँ से गुजरना किसी चुनौती से कम नहीं है।
सड़क के बीचों-बीच कब्जा, बेबस राहगीर
पिछले कुछ दिनों से प्रभात चौराहे के सिग्नल बंद पड़े हैं। नियमों की इस खामोशी के बीच ई-रिक्शा चालकों ने चौराहे को ही अपना स्टैंड बना लिया है। मोड़ पर बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण पीछे से आने वाली बसों और चौपहिया वाहनों को रास्ता नहीं मिल पा रहा है। पैदल यात्रियों के लिए सड़क पार करना जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि पुलिस की अनुपस्थिति का फायदा उठाकर चालक मनमानी कर रहे हैं।
जल्द सुधरेगी व्यवस्था: डीसीपी ट्रैफिक
इस अव्यवस्था को लेकर जब ट्रैफिक डीसीपी जितेन्द्र सिंह पवार से चर्चा की गई, तो उन्होंने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए सुधार का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि जहाँ भी अव्यवस्था हो रही है, वहाँ जल्द सुधार किया जाएगा। ई-रिक्शा चालकों द्वारा नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। बंद पड़े सिग्नलों को भी तकनीकी रूप से जल्द ठीक कराया जा रहा है ताकि ट्रैफिक सुचारू हो सके।








