जबलपुरमध्य प्रदेश

बोर्ड परीक्षाओं के बीच गूंजेगी शहनाइयाँ

छात्रों और अभिभावकों की बढ़ी चिंता

जबलपुर,यशभारत। सीबीएसई और मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा जारी की गई 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की समय-सारणी ने छात्रों के साथ-साथ अभिभावकों की भी चिंता बढ़ा दी है। दरअसल, बोर्ड परीक्षाओं की शुरुआत 7 फरवरी से होने वाली है। जिसके बीच इस साल के शादी के प्रमुख मुहूर्त हैं, जिससे कई परिवारों के सामने धर्मसंकट की स्थिति पैदा हो गई है। वर्ष 2026 में फरवरी-मार्च का महीना शादी-विवाह के लिए कई शुभ मुहूर्त लेकर आया है। कई छात्रों के घरों में या उनके करीबी रिश्तेदारों के यहाँ इसी अवधि में शादियाँ तय हैं। ऐसे में छात्र समझ नहीं पा रहे हैं कि वे परीक्षा की तैयारी पर ध्यान केंद्रित करें या पारिवारिक समारोहों में शामिल हों।

एक छात्र के पिता, सुरेश अग्रवाल ने बताया, “मेरी बेटी 12वीं कक्षा में है और उसके चाचा की शादी ठीक उसी दिन है जिस दिन उसका मुख्य पेपर है। हम दुविधा में हैं कि क्या करें। या तो वह शादी छोड़ दे या परीक्षा से चूके, दोनों ही स्थितियां मुश्किल हैं।” वही एक 10वी कक्षा के छात्र ने बताया कि जिस दिन उसका गणित विषय का पेपर है उसी दिन उसकी बड़ी बहन की शादी है। ऐसे हालात में पेपर कैसे दे पाउँगा।

शैक्षणिक और सामाजिक दबाव

इस टकराव से छात्रों पर अनावश्यक मानसिक दबाव पड़ रहा है। एक ओर उन्हें बोर्ड परीक्षा में अच्छे अंक लाने का दबाव है, वहीं दूसरी ओर सामाजिक और पारिवारिक जिम्मेदारियाँ हैं। कई मामलों में, जो छात्र स्वयं दूल्हा या दुल्हन बनने वाले हैं खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में छात्रों के लिए यह स्थिति और भी जटिल हो जाती है। पिछले वर्षों में ऐसे मामले सामने आए हैं जहां दुल्हनें शादी के अगले ही दिन परीक्षा देने पहुंची थीं।

एमपी बोर्ड की परीक्षाएं 7 फरवरी से शुरू होकर 5 मार्च 2026 तक चलेंगी। कक्षा 12वीं की परीक्षा 7 फरवरी से शुरू होकर 5 मार्च तक चलेंगी। कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन 11 फरवरी से 7 मार्च तक होगा। इधर सीबीएसई की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी, से शुरू होंगी। कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 17 फरवरी से 10 मार्च तक चलेंगी, जबकि कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 17 फरवरी से 9 अप्रैल तक आयोजित की जाएंगी।

बोर्ड का रुख और सुझाव्

माध्यमिक शिक्षा मंडल के अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा का कार्यक्रम शैक्षणिक कैलेंडर को ध्यान में रखकर तैयार किया जाता है और तारीखों में बदलाव मुश्किल है। बोर्ड ने छात्रों से अपील की है कि वे अपनी पढ़ाई को प्राथमिकता दें और शादियों के दौरान भी पढ़ाई के लिए समय निकालें। कई स्कूलों ने छात्रों को सलाह दी है कि वे शादियों के माहौल में भी अपनी परीक्षा की विशेष डेट शीट बनाकर पढ़ाई करें।
अब देखना यह होगा कि क्या अभिभावकों और छात्रों की इस समस्या पर प्रशासन या बोर्ड कोई नरमी बरतेगा, या छात्रों को पढ़ाई और शादी में से किसी एक को चुनना होगा।

एमपी बोर्ड हायर सेकेंडरी (12वीं) परीक्षा का टाइम टेबल

तारीख विषय का नाम
07.02.2026 हिन्दी
09.02.2026 उर्दू / मराठी
10.02.2026 अंग्रेजी
13.02.2026 विभिन्न फिजिक्स, इकोनॉमिक्स, एग्रीकल्चर, एनिमल हस्बेंड्री, आर्ट्स, बायोटेक्नोलॉजी आदि
14.02.2026 विभिन्न बायोटेक्नोलॉजी, गायन, तबला आदि
16.02.2026 संस्कृत
17.02.2026 ड्राइंग एंड डिजाइनिंग
18.02.2026 विभिन्न केमिस्ट्री, हिस्ट्री, बिजनेस स्टडीज, ड्राइंग, होम मैनेजमेंट आदि
19.02.2026 मनोविज्ञान
20.02.2026 NSQF एवं शारीरिक शिक्षा
21.02.2026 एग्रीकल्चर, होम साइंस, एकाउंटेंसी
23.02.2026 बायोलॉजी
25.02.2026 गणित
26.02.2026 पॉलिटिकल साइंस
27.02.2026 इंफॉर्मेटिक प्रैक्टिसेस
02.03.2026 समाजशास्त्र
05.03.2026 विभिन्न भूगोल, क्रॉप प्रोडक्शन, स्टिल लाइफ, हेल्थ आदि

एमपी बोर्ड हाई स्कूल (10वीं) परीक्षा का टाइम टेबल

तारीख विषय का नाम
11.02.2026 हिन्दी
13.02.2026 उर्दू
14.02.2026 NSQF विषय एवं AI
17.02.2026 अंग्रेजी
19.02.2026 संस्कृत
20.02.2026 विभिन्न मराठी, गुजराती, पंजाबी, सिंधी, पेंटिंग, म्यूजिक, कंप्यूटर आदि
24.02.2026 गणित (स्टैंडर्ड / बेसिक)
27.02.2026 विज्ञान
02.03.2026 सामाजिक विज्ञान

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button