कटंगी दशहरा मैदान में अज्ञात युवक की लाश मिलने से सनसनी, थैला में मिली 2 शर्ट व पेंट पुलिस पड़ताल में जुटी

जबलपुर यशभारत। जिले के कटंगी थाना क्षेत्र के अंतर्गत दशहरा मैदान में उस समय सनसनी का माहौल निर्मित हो गया जब लोगों ने एक अज्ञात युवक की लाश पड़ी हुई देखी। इस घटना की जानकारी जैसे ही लोगों को लगी तो कुछ ही देर में मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। मौजूद लोगों द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रारंभिक कार्रवाई के उपरांत शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रवाना करते हुए घटना की पड़ताल शुरू कर दी गई है।
इस घटना के संबंध में कटंगी पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि अज्ञात मृतक जिसकी उम्र 35 वर्ष की लगभग है वह एक दिन पूर्व शराब के नशे में धुत्त देखा गया था। मृतक कहां का रहने वाला है पुलिस द्वारा इस घटना की सूचना आसपास से ग्रामीणों को दी गई है जिससे कि मृतक की पहचान हो सके। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना को विवेचना में लिया है।







