
जबलपुर,यशभारत। शहर के बल्देव बाग स्थित महिला मार्केट के समीप गुरुवार को एक नाले में युवक की लाश मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सुबह जब स्थानीय लोगों की नजर नाले में पड़ी एक लाश पर गई तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास की भीड़ को हटाकर शव को नाले से बाहर निकलवाया।
पुलिस जांच में मृतक की पहचान क्षेत्र में रहने वाले रमेश सेन उर्फ कल्लू के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रमेश नशे का आदी बताया जा रहा है। उसका शव नाले के पानी में डूबा हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने मौके का मुआयना कर पंचनामा कार्रवाई की और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवा दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत दुर्घटनावश डूबने से हुई है या फिर इसके पीछे अन्य कोई कारण है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।







