देश

छत्तीसगढ़ के सुकमा में सुरक्षा बलों ने तीन नक्सलियों को किया ढेर

इस साल अब तक 262 नक्सली हुए ढेर

सुकमा,एजेंसी। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में रविवार को सुबह-सुबह सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ के दौरान सुरक्षा बलों ने तीन नक्सलियों को मार गिराया। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद इस बारे में जानकारी दी। नक्सलियों के पास से हथियार भी बरामद किए गए हैं। फिलहाल इलाके में जांच अभियान अभी भी चलाया जा रहा है।

गश्त के दौरान हुई मुठभेड़

एसपी किरण चव्हाण ने बताया कि डीआरजी की एक टीम की सुबह भेज्जी और चिंतागुफा थाना क्षेत्रों के पर्वतीय इलाकों में गश्त कर रही थीं। इसी दौरान नक्सलियों के साथ सुरक्षा बलों की मुठभेड़ शुरू हो गई। सुरक्षा बलों की टीम को क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर नक्सल विरोधी अभियान शुरू किया गया था। एसपी ने बताया कि मुठभेड़ में अब तक तीन नक्सली मारे गए हैं और अभियान अब भी जारी है।

बीजापुर में मारे गए 6 नक्सली

कुछ दिन पहले ही बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में छह नक्सलियों को मार गिराया था। मामला मंगलवार का है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में छह नक्सलियों को मार गिराया। इन नक्सलियों के कब्जे से हथियार, विस्फोटक और अन्य सामान बरामद किया गया। अधिकारियों के मुताबिक जिले के राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की जानकारी के आधार पर जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) बीजापुर, डीआरजी दंतेवाड़ा और विशेष कार्यबल (एसटीएफ) के संयुक्त दल को नक्सल रोधी अभियान में रवाना किया गया था।

इस साल 262 नक्सली ढेर

बता दें कि नक्सलियों के खिलाफ इस हालिया कार्रवाई के साथ इस साल छत्तीसगढ़ में हुई मुठभेड़ों में अब तक 262 नक्सली मारे जा चुके हैं। इनमें से 233 नक्सली बस्तर संभाग में मारे गए, जिसमें सुकमा सहित सात जिले शामिल हैं जबकि 27 अन्य गरियाबंद जिले में मारे गए जो रायपुर संभाग में आता है। दुर्ग संभाग के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में दो नक्सली मारे गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button