पुलिस की सख्ती से घबराई महिला ने खाया जहर, सड़क पर जमकर हंगामा

पुलिस की सख्ती से घबराई महिला ने खाया जहर, सड़क पर जमकर हंगामा
पुराने कंट्रोल रूम तिराहे पर हाईवोल्टेज ड्रामा; ई-रिक्शा रोकने पर विवाद, युवक ने पुलिसकर्मियों की बाइक पलटीभोपाल, यशभारत। राजधानी के पुराने पुलिस कंट्रोल रूम तिराहे पर गुरुवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक ई-रिक्शा चालक की पत्नी ने पुलिस कार्रवाई से डरकर जहर (चूहामार दवा) खा लिया। घटना के बाद गुस्साए पति ने बीच सड़क पर रिक्शा खड़ा कर जाम लगा दिया और पुलिसकर्मियों से भिड़ गया। पकड़े जाने के डर से दो पुलिसकर्मी भागकर कंट्रोल रूम के भीतर छिप गए।
दस्तावेज मांगने पर बढ़ा विवाद
बरखेड़ी निवासी नवल कुशवाह अपनी पत्नी पूजा के साथ ई-रिक्शा से जा रहे थे। दोपहर करीब 2 बजे ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने सिग्नल तोड़ने के आरोप में उन्हें रोका। नवल का आरोप है कि पुलिस ने उनसे बदसलूकी की और रिक्शा जब्त कर थाने ले जाने की धमकी दी। इसी खींचतान से घबराकर पूजा ने अपने पर्स में रखी चूहामार दवा निकाल कर खा ली।
10 मिनट तक सड़क पर तांडव
पत्नी की हालत बिगड़ते देख नवल आपा खो बैठे। उन्होंने ट्रैफिक चौकी के बाहर खड़ी पुलिसकर्मियों की बाइकों में तोड़फोड़ की और उन्हें सड़क पर पलट दिया। मौके पर मौजूद लोग उन्हें समझाते रहे कि पहले पत्नी को अस्पताल ले जाएं, लेकिन नवल अड़े रहे कि “जब तक दोषी पुलिसकर्मी सामने नहीं आते, मैं कहीं नहीं जाऊंगा।” उनका कहना था कि ई-रिक्शा चलाकर मुश्किल से घर खर्च चलता है, ऐसे में रिक्शा जब्त होने से उनका जीवन यापन रुक जाएगा।
ट्रैफिक एसीपी अजय बाजपेयी ने बताया कि रिक्शाचालक ने रेड लाइट जंप की थी। जब उसे नियमानुसार रोका गया, तो वह उत्तेजित होकर अभद्रता करने लगा। पुलिस के अनुसार, महिला को किस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, इसकी पुष्टि की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दे दिए गए हैं।







