जबलपुर में रोटरी इंटरनेशनल अवॉर्ड समारोह का शुभारंभ
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और सांसद विवेक तंखा की उपस्थिति में हुआ भव्य आयोजन

जबलपुर में रोटरी इंटरनेशनल अवॉर्ड समारोह का शुभारंभ
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और सांसद विवेक तंखा की उपस्थिति में हुआ भव्य आयोजन
जबलपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार 26 को होटल विजन महल में आयोजित रोटरी इंटरनेशनल अवॉर्ड समारोह में मुख्य अतिथि और राज्यसभा सांसद विवेक कृष्ण तंखा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री और श्री तंखा की उपस्थिति से यह आयोजन और अधिक गरिमामय बन गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश सरकार में मंत्री राकेश सिंग के द्वारा की गई।

इस अवसर पर समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए जबलपुर के दो व्यक्तित्वों को रोटरी इंटरनेशनल के सर्वोच्च सम्मान प्रदान किए गए। रोटेरियन वर्ग में अरुणकांत अग्रवाल को “स्वयं से परे सेवा” पुरस्कार और नॉन-रोटेरियन वर्ग में संदीप जैन ‘गुड्डा’ को “मानवता की सेवा में उत्कृष्टता” पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह पहला अवसर है जब किसी एक ही शहर के दो व्यक्तियों को रोटरी इंटरनेशनल के दोनों प्रतिष्ठित अवॉर्ड एक साथ प्राप्त हुए हैं — जो जबलपुर के लिए गौरव का क्षण है।
समारोह के शुभारंभ में रोटरी क्लब के पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में शहर के गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और रोटरी सदस्यों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
संदीप जैन ‘गुड्डा’: समरसता और मानवता के प्रतीक
समरसता सेवा संगठन के अध्यक्ष संदीप जैन पिछले 35 वर्षों से समाज और राजनीति दोनों क्षेत्र में सक्रिय हैं। पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण, शिक्षा सहायता और आपदा काल में सहयोग जैसे कई क्षेत्रों में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है। उन्होंने समाज में एकता और भाईचारे का संदेश फैलाने में अहम भूमिका निभाई है।

अरुणकांत अग्रवाल: “स्वयं से परे सेवा” का जीता-जागता उदाहरण
रोटेरियन अरुणकांत अग्रवाल वर्ष 1991 से रोटरी क्लब के माध्यम से समाजसेवा में सक्रिय हैं। उन्होंने गरीब बच्चों को शिक्षा सामग्री उपलब्ध कराने, छात्रवृत्ति देने, चिकित्सा शिविरों का आयोजन और ज़रूरतमंदों को सहायता प्रदान करने जैसे कई कार्य किए हैं। “हमारा जबलपुर” संस्था के माध्यम से वे हर वर्ष 100 मेधावी बालिकाओं को ₹25,000 की छात्रवृत्ति देते हैं।







