रीवा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 80 हजार का इनामी कोरेक्स तस्कर भोपाल से गिरफ्तार
Bhopal mp

रीवा पुलिस को नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने भोपाल से 80 हजार रुपये के इनामी कोरेक्स (नशीली कफ सिरप) तस्कर विजय साहू को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले कई सालों से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ रीवा के विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट के 17 सहित कई अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि विजय साहू भोपाल में छिपा हुआ है। इसके बाद एसपी विवेक सिंह ने साइबर सेल और चोरहटा थाना पुलिस की एक टीम गठित कर उसे भोपाल रवाना किया। टीम ने घेराबंदी कर कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को धर दबोचा।
पूछताछ में विजय साहू ने बताया कि उसने चोरहटा थाना क्षेत्र में नशीली कफ सिरप का एक जखीरा छुपा रखा है। पुलिस ने मौके से 1660 शीशी कोरेक्स बरामद की, जिसकी कीमत लगभग 4 लाख रुपये बताई जा रही है। एडिशनल एसपी आरती सिंह ने बताया कि आरोपी को रीवा न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।







