राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की राष्ट्रीय कार्यकारी मंडल बैठक प्रारंभ
जबलपुर, यश भारत।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की राष्ट्रीय कार्यकारी मंडल बैठक प्रारंभ
जबलपुर, यश भारत। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की राष्ट्रीय कार्यकारी मंडल की तीन दिवसीय बैठक का शुभारंभ बुधवार 30 अक्टूबर को जबलपुर के कचनार क्लब में हुआ। यह ऐतिहासिक बैठक संघ के शताब्दी वर्ष (2025-26) की तैयारियों के दृष्टिगत अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

बैठक का शुभारंभ संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत द्वारा किया गया । इस अवसर पर सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले सहित संगठन के शीर्ष पदाधिकारी उपस्थित रहे। देशभर के 47 प्रांतों और 11 क्षेत्रों से आए लगभग 407 पदाधिकारी इस बैठक में भाग ले रहे हैं। बैठक के दौरान संगठन के विस्तार, गृह संपर्क अभियान, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता और परिवार प्रबोधन जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

संघ के शताब्दी वर्ष को ध्यान में रखते हुए आगामी एक वर्ष के भीतर चलाए जाने वाले विभिन्न सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा इस बैठक में तय की जाएगी। यह कार्यकारिणी बैठक 1 नवंबर की शाम 6 बजे तक चलेगी। जबलपुर में लगभग 40 वर्ष बाद संघ की इस स्तर की राष्ट्रीय बैठक हो रही है, जिससे शहर में विशेष उत्साह का वातावरण है।







