भोपाल

भोपाल रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को संभालने उतरे रेल अधिकारी

भोपाल रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को संभालने उतरे रेल अधिकारी 

.. 60 से अधिक ट्रेनों का सुचारु संचालन, वरिष्ठ अधिकारियों की तत्परता से टली अफरा-तफरी

भोपाल यशभारत।

श्रावण मास की अंतिम कांवड़ यात्रा के उपलक्ष्य में कुबरेश्वर धाम सीहोर से लौटने वाले श्रद्धालुओं का सैलाब रेलवे स्टेशन पर उमड़ पड़ा। भीड़ को संभालने के लिए रेल प्रबंधन के आला अधिकारी उतरे हैं। भीड़ के दबाव को देखते हुए मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया के नेतृत्व में रेलवे प्रशासन ने विशेष एक्शन प्लान लागू कर भीड़ प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था की गई। नियंत्रण कक्ष से सूचना मिलते ही शाम के समय वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया, मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्याम सिंह बरेड़िया, पंकज कुमार दुबे, सहायक वाणिज्य प्रबंधक नवल अग्रवाल तथा रेल सुरक्षा बल के वरिष्ठ अधिकारी भोपाल स्टेशन पहुंचे। प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, प्रवेश एवं निकास द्वार तथा सर्कुलेटिंग एरिया में यात्रियों की स्थिति का आकलन कर भीड़ नियंत्रण की रणनीति बनाई और उसे तुरंत लागू किया गया।

इन दो दिनों में मिलाकर लगभग डेढ़ लाख से अधिक यात्रियों की आवक रही। सभी प्लेटफॉर्म, फुटओवर ब्रिज और प्रतीक्षालय पूर्ण क्षमता तक भर गए, फिर भी अप एवं डाउन दिशा में कुल 60 से अधिक यात्री ट्रेनों का संचालन पूरी तरह सुचारु रहा। अधिकांश ट्रेनें दिल्ली दिशा की ओर थीं और अधिकांश यात्री भी इसी दिशा में यात्रा कर रहे थे।

यात्रियों के प्रवेश और निकास को व्यवस्थित रखने हेतु विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए। पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम से लगातार घोषणाएं होती रहीं और कोच गाइडेंस सिस्टम के माध्यम से यात्रियों को कोच की स्थिति की सटीक जानकारी दी गई। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया स्वयं प्लेटफॉर्म पर माइक से यात्रियों को मार्गदर्शन देते रहे, जिससे किसी भी प्रकार की अफरा-तफरी नहीं हुई।

आरपीएफ और वाणिज्य विभाग की संयुक्त टीम ने रातभर समन्वित रूप से कार्य करते हुए भीड़ प्रबंधन और यात्री सुविधा सुनिश्चित की। रेलवे प्रशासन ने इस चुनौतीपूर्ण परिस्थिति को सतर्कता, तत्परता और सुविचारित रणनीति के साथ संभालते हुए यात्रियों की सुरक्षा एवं ट्रेनों के संचालन को पूर्णतः सुचारु बनाए रखा। भविष्य में भी यात्री सुविधा और सुरक्षा के लिए हर संभव प्रयास जारी रहेंगे तथा किसी भी आपात स्थिति में रेलवे तत्परता से सहायता प्रदान करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button