रेल सुरक्षा सर्वोपरि: भोपाल मंडल में ‘SPAD’ रोकने पर मंथन

रेल सुरक्षा सर्वोपरि: भोपाल मंडल में ‘SPAD’ रोकने पर मंथन
डीआरएम ने मुख्य लोको निरीक्षकों को दिए सख्त निर्देश, एकाग्रता और नियमों के कड़े पालन पर जोर
भोपाल, यशभारत। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल में ट्रेन परिचालन सुरक्षा को और पुख्ता करने के उद्देश्य से आज मंडल रेल प्रबंधक (DRM) कार्यालय में एक महत्वपूर्ण संगोष्ठी का आयोजन किया गया। यह संगोष्ठी विशेष रूप से सिग्नल को खतरे की स्थिति में पार करने जैसी गंभीर घटनाओं की रोकथाम पर केंद्रित रही।
डीआरएम ने किया मार्गदर्शन
संगोष्ठी का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में लोको पायलटों के माध्यम से SPAD घटनाओं को शून्य स्तर पर लाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (A&S) श्री अभिराम खरे, अपर मंडल रेल प्रबंधक (O&I) श्री योगेंद्र बघेल, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर सचिन शर्मा, और वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्री रोहित मालवीय सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
चार डिपो के 30 निरीक्षकों की भागीदारी
संगोष्ठी में भोपाल मंडल के चारों प्रमुख लोको डिपो—भोपाल (16), इटारसी (08), बीना (03), और गुना (03)—से कुल 30 मुख्य लोको निरीक्षकों ने भाग लिया।
संगोष्ठी में भारतीय रेल में हुई SPAD घटनाओं के कारणों का विस्तृत विश्लेषण किया गया। भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति
रोकने के लिए निम्नलिखित आवश्यक उपायों पर सहमति बनी:
सिग्नल संकेतों के अनुरूप गाड़ी का नियंत्रित संचालन।
ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन के दुरुपयोग से सख्ती से बचना।
ड्यूटी से पूर्व पर्याप्त विश्राम सुनिश्चित करना।
परिचालन के दौरान पूर्ण एकाग्रता एवं उच्च सतर्कता बनाए रखना।
कड़े निर्देश जारी
मंडल रेल प्रबंधक त्यागी ने सभी मुख्य लोको निरीक्षकों को निर्देशित किया कि वे लोको पायलटों को प्रभावी परामर्श दें और सतत जागरूकता अभियान चलाएं। उन्होंने साफ किया कि SPAD घटनाओं को पूरी तरह रोकने के लिए सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाना अनिवार्य है।







