रिटायरमेंट की फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर रिश्वत लेते पीडब्ल्यूडी की महिला बाबू गिरफ्तार

रिटायरमेंट की फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर रिश्वत लेते पीडब्ल्यूडी की महिला बाबू गिरफ्तार
भोपाल, यश भारत। लोक निर्माण विभाग में भ्रष्टाचार का एक बड़ा मामला सामने आया है। राजधानी के संभाग-1 कार्यालय में पदस्थ एक महिला बाबू को लोकायुक्त पुलिस ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला एक कर्मचारी के सेवानिवृत्ति के प्रकरण को तैयार करने और शासन से मिलने वाले लाभों के भुगतान के बदले पैसों की मांग कर रही थी।
₹6,000 की थी मांग, पहली किस्त लेते धरायी
मिली जानकारी के अनुसार, फरियादी कार्तिकचंद्र सरकार पी.डब्ल्यू.डी. संभाग-1 में वायरमैन के पद पर कार्यरत हैं। वे अगस्त 2026 में सेवानिवृत्त होने वाले हैं। उनके रिटायरमेंट की कागजी कार्रवाई पूरी करने के एवज में स्थापना शाखा में पदस्थ महिला क्लर्क अर्शी खान ने उनसे 6000 की रिश्वत मांगी थी।
परेशान होकर पीड़ित ने इसकी शिकायत लोकायुक्त पुलिस से की। शिकायत की पुष्टि होने के बाद लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही अर्शी खान ने रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 2500 लिए, टीम ने उन्हें रंगे हाथ दबोच लिया।
लोकायुक्त एसपी दुर्गेश राठौर ने बताया कि आरोपी महिला के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। कार्रवाई के दौरान लोकायुक्त की टीम ने रंगे हाथ पकड़ने के बाद उनके हाथ धुलवाए, तो वे गुलाबी हो गए, जो रिश्वत लेने का पुख्ता प्रमाण है। महिला बाबू ने रिटायरमेंट के प्रकरण को बनाने और भुगतान दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगी गई थी। लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को पहली किस्त लेते हुए पकड़ा है।







