श्यामला हिल्स में जनसंवाद, नशे और अपराध पर बरसेगा पुलिस का डंडा

श्यामला हिल्स में जनसंवाद, नशे और अपराध पर बरसेगा पुलिस का डंडा
क्रेन से गाड़ी उठाने से पहले अब होगा अनाउंसमेंट
भोपाल, यश भारत। शहर में सुरक्षित वातावरण और शांति व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने थाना श्यामला हिल्स क्षेत्र का भ्रमण कर नागरिकों से सीधा संवाद किया। जनसंवाद के दौरान जनता ने सुरक्षा, यातायात और नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी समस्याएं साझा कीं, जिस पर पुलिस आयुक्त ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को त्वरित निराकरण के कड़े निर्देश दिए।
जनता के सुझावों पर तत्काल एक्शन
संवाद के दौरान नागरिकों ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए, जिन्हें आयुक्त ने स्वीकार करते हुए संबंधित विभागों को निर्देशित किया:
टेक्निकल सुरक्षा: एनआईटीटीआर के सामने लगे सीसीटीवी कैमरों की रेंज बढ़ाने की मांग पर तकनीकी टीम को सर्वे के निर्देश दिए गए।
दुर्घटनाओं पर लगाम: स्मार्ट रोड पर बढ़ती दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ‘रंबल स्ट्रिप्स’ लगाने का प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया।
गश्त में बढ़ोत्तरी: हंसनाथ नगर और प्रताप नगर के निवासियों की सुरक्षा के मद्देनजर इन क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए। क्रेन के माध्यम से वाहन उठाते समय होने वाले विवादों को रोकने के लिए अब कार्रवाई से पहले बाकायदा अनाउंसमेंट (घोषणा) की जाएगी।
नशे और साइबर ठगी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस
पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने मादक पदार्थों की तस्करी और नशे में उत्पात मचाने वालों के खिलाफ सख्त रवैया अपनाने की बात कही। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे नशे के सौदागरों की सूचना गुप्त रूप से पुलिस को दें। साथ ही, बढ़ते साइबर अपराधों से बचने के लिए सतर्क रहने और यातायात नियमों के पालन हेतु हेलमेट व सीट बेल्ट लगाने की शपथ भी दिलाई।
पीक आवर्स में चौकस रहेगी पुलिस
यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए आयुक्त ने निर्देश दिए कि पीक आवर्स (दफ्तर और स्कूल के समय) के दौरान प्रमुख चौराहों और ड्यूटी पॉइंट्स पर पुलिस बल की मौजूदगी अनिवार्य होगी, ताकि आम जनता को जाम की स्थिति से न जूझना पड़े।







