नेपाल के संसद भवन में घुसे प्रदर्शनकारी ,9 की मौत, काठमांडू में कर्फ्यू, पढ़ें हर अपडेट
मृतकों की संख्या बढ़कर 9 हुई:

नेपाल के संसद भवन में घुसे प्रदर्शनकारी ,9 की मौत, काठमांडू में कर्फ्यू, पढ़ें हर अपडेट
काठमांडू: नेपाल में युवा अपनी ही सरकार के खिलाफ उग्र प्रदर्शन कर रहे हैं। युवाओं की मांग है कि सरकार सोशल मीडिया पर लगाए गए बैन को हटाए, साथ ही देश में बढ़ते भ्रष्टाचार और बेरोजगारी को कम करने के लिए उचित कदम उठाए जाएं। सोमवार को काठमांडू की सड़कों पर उतरे युवाओं ने सरकार के खिलाफ अपना विरोध प्रदर्शन करते हुए संसद का भी घेराव किया। कुछ प्रदर्शनकारी तो संसद भवन के अंदर भी घुस गए।

प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पहले स्थानीय पुलिस ने हर संभव कोशिश की, लेकिन जब हालात बेकाबू हो गए तो सेना को उतारा गया। सेना फिलहाल इस प्रदर्शन को रोकने और युवाओं को नियंत्रित करने की हर संभव कोशिश कर रही है।
लाइव अपडेट्स:
मृतकों की संख्या बढ़कर 9 हुई: नेपाली मीडिया के मुताबिक, नेपाल में सरकार विरोधी प्रदर्शन के दौरान मरने वालों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है।

पुलिस प्रदर्शनकारियों पर गोलियां चला रही है: एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि हम शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने की योजना बना रहे थे, लेकिन जैसे ही हम आगे बढ़े, हमें पुलिस की ओर से हिंसा दिखाई दी। पुलिस लोगों पर गोलियां चला रही है, जो शांतिपूर्ण विरोध के मूल सिद्धांत के विरुद्ध है।
प्रदर्शन के दौरान एक प्रदर्शनकारी की मौत: काठमांडू में भ्रष्टाचार और सरकार द्वारा सोशल मीडिया पर प्रतिबंध के विरोध में सड़कों पर उतरे युवा प्रदर्शनकारी को रोकने के दौरान एक शख्स के मारे जाने की खबर है। स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए काठमांडू में कर्फ्यू लगा दिया गया है।

काठमांडू के कई इलाकों में लगा कर्फ्यू: राजधानी काठमांडू में उग्र प्रदर्शन और बिगड़ते हालात को देखते हुए प्रशासन ने कई इलाकों में कर्फ्यू लगाने की घोषणा कर दी है। अभी तक युवाओं ने संसद भवन को घेर लिया है। युवाओं के प्रदर्शन को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बलों की भी तैनाती की गई है। नेपाल में अब सेना को भी उतारा गया है।






