राजधानी में दर्जन बड़े बकायादारों की संपत्तियां कुर्क

राजधानी में दर्जन बड़े बकायादारों की संपत्तियां कुर्क
– वार्ड 45 में 10 और वार्ड 83 में 2 संपत्तियों पर कार्रवाई
भोपाल, यश भारत। नगर निगम ने संपत्तिकर और अन्य करों की वसूली के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 बड़े बकायादारों की संपत्तियां कुर्क कर दीं। यह कार्रवाई जोन क्रमांक 10 के वार्ड 45 तथा जोन क्रमांक 18 के वार्ड 83 में की गई। निगम आयुक्त के निर्देश पर गुरुवार को हुई कार्रवाई में वार्ड 83 (जोन 18) के राजहर्ष कॉलोनी स्थित शशि हाईटेक सिटी के निवासी रतनप्रसाद पर 33 लाख 5 हजार 204 रुपए बकाया होने के कारण उनकी संपत्ति कुर्क की गई। इसी वार्ड के मुकुल हैरीटेज, सनखेड़ी निवासी ब्रम्हानंद पाटीदार पर 26 लाख 41 हजार 18 रुपए का बकाया होने पर उनकी संपत्ति पर भी कुर्की की कार्रवाई की गई।
वहीं जोन 10 के वार्ड 45 में अरेरा कॉलोनी स्थित कामधेनु टॉवर के प्रकोष्ठ क्रमांक जी.एफ. 32, 34 और 35 के स्वामी एम.एल. गौड़ पर 2 लाख 15 हजार 73 रुपए बकाया होने पर संपत्ति कुर्क की गई। एम.पी. नगर जोन-02 स्थित भवन क्रमांक 29 की शॉप क्रमांक 16, 17 और 18 की स्वामिनी सुश्री जतिंदर कौर पर 1 लाख 3 हजार 858 रुपए बकाया होने पर कार्रवाई की गई।
इसके अलावा 24-सी जोन-02 एम.पी. नगर के आर.एन. पांडा (1 लाख 44 हजार 444 रुपए), चेतक कॉम्प्लेक्स शॉप क्रमांक 22 की शशिबाला श्रीवास्तव (91 हजार 444 रुपए), कामधेनु टॉवर एलजीएफ 14, 15, 16, 18, 19 व 39 के सुनील गौड़ (82 हजार 808 रुपए), अंबर कॉम्प्लेक्स शॉप 3/7 के किशनचंद (77 हजार 169 रुपए), मानसरोवर कॉम्प्लेक्स एमएफ 18 के के.टी. चाको (78 हजार 135 रुपए), वैशाली कॉम्प्लेक्स फ्लैट 1/6 के वसीम उद्दीन (65 हजार 145 रुपए), ई-2/21 ए ब्लॉक शॉप 06 के राहुल कुमार सिंह (50 हजार 987 रुपए) तथा कामधेनु टॉवर एलजीएफ 34-35 की गायत्री गौड़ (39 हजार 323 रुपए) की संपत्तियां भी बकाया कर राशि जमा न करने पर कुर्क की गईं।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि सभी बकायादारों को नियमानुसार नोटिस और देयक जारी किए गए थे। भुगतान न करने पर नियमानुसार कुर्की की कार्रवाई की गई। निगम ने करदाताओं से अपील की है कि वे समय पर करों का भुगतान करें, अन्यथा ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।







