पांच दिवसीय रंगोत्सव की तैयारी तेज, होलिका प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे मूर्तिकार
मूर्तिकारों को अच्छे व्यापार की उम्मीद

जबलपुर,यशभारत । पांच दिवसीय रंगोत्सव पर्व को लेकर शहर के बाजार रंग-गुलाल और पिचकारियों से सजने लगे हैं। दुकानों पर रंगों की बहार नजर आ रही है तो वहीं दूसरी ओर मूर्तिकार सधे हाथों से होलिका प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। होली पर्व को लेकर इस बार मूर्तिकारों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। होलिका दहन के लिए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पारंपरिक और आधुनिकता के समावेश के साथ प्रतिमाएं तैयार की जा रही हैं। घमापुर, शीतलामाई और गढ़ा क्षेत्र में होलिका प्रतिमाओं को आकार दिया जा रहा है। शीतलामाई क्षेत्र में ही करीब 20 से अधिक दुकानों पर छोटी से लेकर तीन से पांच फीट तक ऊंची प्रतिमाएं बनाई गई हैं। एक-एक दुकान में इस बार 150 से 200 से अधिक प्रतिमाएं तैयार की गई हैं, जिन्हें अब अंतिम रूप दिया जा रहा है।
मूर्तिकारों का कहना है कि इस बार उन्हें अच्छे व्यापार की उम्मीद है। हालांकि लगातार बढ़ रही महंगाई का असर प्रतिमाओं पर भी पड़ा है। बाजार में 100 रुपये से लेकर 7 हजार रुपये तक की प्रतिमाएं उपलब्ध हैं। आकार, डिजाइन और सजावट के अनुसार कीमतें तय की जा रही हैं। प्रतिमाओं की भाव-भंगिमाएं आकर्षक और सजीव बनाई जा रही हैं, जिससे ग्राहक भी प्रभावित हो रहे हैं।







