मारपीट के आरोपियों की तलाश में पहुंची पुलिस को मिला खजाने का सुराग, फ्लैट से 61 लाख कैश बरामद

मारपीट के आरोपियों की तलाश में पहुंची पुलिस को मिला खजाने का सुराग, फ्लैट से 61 लाख कैश बरामद
एमपी नगर पुलिस की छापेमारी में हवाला रैकेट का संदेह,
इनकम टैक्स विभाग को सौंपी गई जांच
भोपाल, यश भारत। राजधानी के पॉश इलाके एमपी नगर में एक साधारण मारपीट के मामले की तफ्वाहिश कर रही पुलिस के हाथ एक बड़ी सफलता लगी है। सोमवार रात द लेजी कैफे में हुए विवाद के आरोपियों को पकड़ने गई पुलिस ने मीरा परिसर (जोन-2) के एक फ्लैट से 61 लाख रुपये की नकदी बरामद की है। इतनी बड़ी मात्रा में कैश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस को संदेह है कि यह रकम हवाला कारोबार से जुड़ी हो सकती है।
कैफे विवाद से शुरू हुई कहानी
घटनाक्रम की शुरुआत सोमवार रात को हुई, जब जोन-2 स्थित द लेजी कैफे में छात्रों और कैफे कर्मचारियों के बीच हिंसक झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने कैफे कर्मचारी के सिर पर पत्थर मारकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। एमपी नगर थाना पुलिस आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी।
हाई-वोल्टेज ड्रामा: गेट तोड़ने की दी चेतावनी
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मारपीट के आरोपी मीरा कॉम्प्लेक्स के एक फ्लैट में छिपे हुए हैं। जब पुलिस टीम वहां पहुंची और दरवाजा खटखटाया, तो अंदर मौजूद युवकों ने गेट खोलने से इनकार कर दिया। काफी देर तक मान-मनौव्वल के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला, तो पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। पुलिस ने चेतावनी दी कि यदि दरवाजा नहीं खोला गया तो उसे तोड़कर अंदर प्रवेश किया जाएगा। पुलिस की सख्ती देख अंदर मौजूद युवकों के हाथ-पांव फूल गए और उन्होंने दरवाजा खोल दिया।
नोटों की गिनती देख पुलिस भी रह गई दंग
फ्लैट के अंदर का नजारा देख पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। वहां तीन युवक मौजूद थे जो बड़े आराम से नकदी गिन रहे थे। तलाशी लेने पर कमरे से कुल 61 लाख रुपये नगद बरामद किए गए। जब पुलिस ने युवकों से इस बड़ी रकम के स्रोत के बारे में पूछताछ की, तो वे कोई भी वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
इतनी बड़ी रकम का कोई हिसाब न मिलने पर पुलिस ने इसे संदेहास्पद धन मानते हुए जब्त कर लिया है। प्राथमिक जांच में मामला हवाला कारोबार से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने तत्काल इसकी सूचना इनकम टैक्स (आयकर) विभाग को दे दी है। देर रात ही तीनों युवकों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया, जहां उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।
हम मारपीट के आरोपियों की तलाश में गए थे, लेकिन वहां भारी मात्रा में नकदी मिली है। फिलहाल 61 लाख रुपये जब्त किए गए हैं। चूंकि मामला बड़ी नकदी से जुड़ा है, इसलिए आयकर विभाग को सूचित कर दिया गया है। आगे की वैधानिक कार्रवाई आईटी टीम द्वारा की जाएगी।
एम पी नगर थाना प्रभारी- जय हिंद शर्मा







