पुलिस जांच में पूर्व निगम अध्यक्ष दोषमुक्त, झूठी शिकायत में राजनीतिक साज़िश के संकेत

जबलपुर यश भारत। सूदखोरी के एक प्रकरण में पूर्व निगम अध्यक्ष को पुलिस जांच में दोषमुक्त पाया गया है। पूरा मामला राजनीतिक षड्यंत्र की ओर इशारा करता हुआ सामने आया है।भाजपा नेता राजेश मिश्रा मंगलवार को स्वयं जनसुनवाई में उपस्थित हुए और पुलिस अधीक्षक के नाम शिकायत पत्र सौंपते हुए बताया कि कुछ दिन पूर्व एक युवक ने उनके खिलाफ सूदखोरी की झूठी शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि मिश्रा ने उधार दिए गए पैसे न चुकाने पर संबंधित युवक को प्रताड़ित किया।
शिकायत रांझी थाना पहुंचने के बाद पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच की। जांच रिपोर्ट में सामने आया कि शिकायत पूरी तरह झूठी थी। मामला वास्तव में बीसी के लेनदेन से जुड़ा था। युवक द्वारा बीसी का पैसा वापस न करने पर जब मिश्रा ने राशि मांगी, तो उसने सूदखोरी का मनगढ़ंत आरोप लगाते हुए शिकायत कर दी।पुलिस जांच के दौरान स्वयं शिकायतकर्ता ने अपने बयान में स्वीकार किया कि मामला बीसी के लेन-देन का था और किसी भी प्रकार की सूदखोरी का संबंध नहीं था।







