भोपालमध्य प्रदेश
पुलिस आयुक्त ने पिपलानी में किया जनसंवाद

पुलिस आयुक्त ने पिपलानी में किया जनसंवाद
नशे और चाकूबाजी करने वालों पर रहेगी कड़ी नजर
भोपाल, यशभारत। पुलिस और जनता के बीच की दूरी कम करने और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने पिपलानी थाना क्षेत्र के 40 क्वार्टर इलाके में नागरिकों से जनसंवाद किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की कानून व्यवस्था पर चर्चा की और स्पष्ट किया कि शहर में अवैध गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अपराधों के ग्राफ में आई गिरावट
स्थानीय नागरिकों को संबोधित करते हुए पुलिस आयुक्त ने कहा कि पुलिस द्वारा लगातार किए जा रहे जनसंवादों का सकारात्मक असर जमीनी स्तर पर दिखने लगा है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में जुआ, सट्टा, अवैध शराब और गांजा जैसे नशीले पदार्थों की बिक्री से जुड़े अपराधों में प्रभावी रूप से कमी आई है। उन्होंने जोर दिया कि नशा ही अधिकांश अपराधों की जड़ है, जिस पर पुलिस का प्रहार जारी रहेगा।
सड़कों पर हथियार लहराने वालों की खैर नहीं
सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए संजय कुमार ने कड़ा संदेश दिया कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार (चाकू-छुरी) लेकर घूमने वाले असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा, आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस करें, इसके लिए पुलिस ने ऐसे बदमाशों को चिन्हित कर उनके खिलाफ अभियान छेड़ रखा है।
साइबर फ्रॉड के खिलाफ जागरूकता पर जोर
जनसंवाद में पुलिस आयुक्त ने साइबर अपराधों के बढ़ते खतरों के प्रति भी जनता को आगाह किया। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें और न ही अपना ओटीपी साझा करें। उन्होंने बताया कि पुलिस साइबर फ्रॉड के मामलों में तत्काल एक्शन ले रही है, लेकिन सावधानी ही इससे बचने का सबसे कारगर तरीका है।
नागरिकों ने साझा की समस्याएं
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के रहवासियों ने भी अपनी समस्याएं पुलिस आयुक्त के समक्ष रखीं, जिसके निराकरण के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही दिशा-निर्देश जारी किए। पुलिस प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे अपने आसपास होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।







