
दिवाली से पहले देशभर में ‘जहरीली मिठाई’ जब्त, गोरखपुर से दिल्ली तक छापेमारी
भोपाल, यश भारत।दिवाली और छठ जैसे बड़े त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने देशभर में मिलावटी मिठाइयों और संदिग्ध खाद्य सामग्री पर बड़ा अभियान चलाया है। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में छापेमारी कर हजारों किलो मिठाई, मावा और नमकीन जब्त किए गए हैं।
गोरखपुर में 15 क्विंटल मिठाई जब्त
गोरखपुर में शुक्रवार को फूड विभाग की टीम ने नौसढ़ स्थित प्राइवेट बस स्टॉप पर छापेमारी की। टीम ने मौके से 500 किलो संदिग्ध खजूर और 15 क्विंटल मिठाई व नमकीन बरामद किए। यह सामान दिल्ली से बसों और डिलीवरी वैन के जरिए गोरखपुर लाया जा रहा था। खाद्य विभाग ने मौके से तीन नमूने लेकर बाकी माल नष्ट कर दिया जबकि बाकी सामग्री जब्त कर ली गई। जब्त किए गए सामान की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है।
सहायक खाद्य आयुक्त डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि खजूर के डिब्बों पर FSSAI नंबर और मैन्युफैक्चरिंग डेट दर्ज नहीं थी। प्रारंभिक जांच में संभावना है कि खजूर में हानिकारक रासायनिक तत्व मौजूद थे। सभी नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
चंदौली, अलवर और बागेश्वर में भी कार्रवाई
चंदौली में खाद्य विभाग ने 5 क्विंटल मावा जब्त किया। अलवर और बागेश्वर में दूध, मिठाई और सॉस के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। दिल्ली में फूड विभाग ने 2,500 किलो मिलावटी मिठाईबरामद की।
त्योहारों से पहले अलर्ट
दिवाली और छठ के मौके पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी राज्यों में अलर्ट जारी कर दिया है। दुकानों, गोदामों और फैक्ट्रियों की तलाशी और सैंपल जांच अभियान चलाया जा रहा है ताकि मिलावटी और नकली खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकी जा सके।
फूड विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे मिठाइयां, मावा या दूध खरीदते समय FSSAI नंबर, निर्माण तिथि और पैकेजिंग की स्थिति जरूर जांचें। खुली मिठाइयों या संदिग्ध दुकानों से खरीदारी न करें, ताकि त्योहार की मिठास जहरीली न हो।







