नागपुर एयरपोर्ट पर टला विमान हादसा, इंडिगो फ्लाइट में टकराया पक्षी
बाल-बाल बची 272 यात्रियों की जान

यशभारत। महाराष्ट्र के नागपुर एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद इंडिगो की फ्लाइट एक बड़ी दुर्घटना का शिकार होते-होते बच गई। नागपुर से कोलकाता जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E812 उड़ान भरते ही पक्षी से टकरा गई। इस टक्कर में विमान के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। विमान में 272 यात्री सवार थे, लेकिन पायलट की सूझबूझ से सभी की जान बच गई।
सुरक्षित लैंडिंग से बची बड़ी दुर्घटना
जानकारी के अनुसार, उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद विमान का सामने का हिस्सा एक पक्षी से टकरा गया, जिससे विमान थोड़ा असंतुलित हो गया। जैसे ही यह टक्कर हुई, यात्रियों के बीच अफरा-तफरी और दहशत फैल गई। लेकिन पायलट ने तुरंत सूझबूझ से काम लिया और विमान को सुरक्षित तरीके से वापस नागपुर एयरपोर्ट पर उतार दिया। एयरपोर्ट प्रशासन ने पुष्टि की है कि कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है और सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। पायलट की समय पर की गई कार्रवाई और प्रोफेशनल रेस्पॉन्स के कारण एक बड़ी दुर्घटना टल गई। फ्लाइट ने सुरक्षित लैंडिंग की और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
नागपुर एयरपोर्ट के सीनियर डायरेक्टर आबिद रुही ने बताया, “नागपुर-कोलकाता फ्लाइट 6E812 में बर्ड स्ट्राइक की आशंका है। जांच की जा रही है कि वास्तव में क्या हुआ। फिलहाल यात्री सुरक्षित हैं और मामले की विस्तृत जानकारी जल्द साझा की जाएगी।
एयरलाइंस और DGCA जांच में जुटी
इंडिगो ने बयान जारी कर बताया कि विमान की तकनीकी जांच की जा रही है। इस घटना की सूचना नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) को भी दी गई है। विमानन नियमों के अनुसार, बर्ड स्ट्राइक की स्थिति में सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत तुरंत लैंडिंग कराई जाती है।”







