जेपी अस्पताल के गेट पर कूड़े का ढेर, दावों की खुली पोल!

जेपी अस्पताल के गेट पर कूड़े का ढेर, दावों की खुली पोल!
गेट नंबर 2 पर पड़ा कचरे का ढेर और उड़ती हुई गंदगी
भोपाल, यशभारत। राजधानी के सबसे बड़े सरकारी अस्पतालों में शुमार जयप्रकाश नारायण यानी जेपी अस्पताल से एक शर्मनाक तस्वीर सामने आई है। स्वच्छता का ढिंढोरा पीटने वाले स्वास्थ्य विभाग की पोल खुद अस्पताल परिसर में ही खुल गई है। यहाँ मरीजों को इलाज कम, बीमारियाँ ज्यादा मिलने का खतरा पैदा हो गया है।
ये तस्वीरें हैं भोपाल के जेपी अस्पताल की। गेट नंबर 2 के पास लगा यह कचरे का अंबार कोई सामान्य कचरा नहीं, बल्कि अस्पताल का जहरीला मेडिकल वेस्ट है। जिस गेट से मरीज अपनी सेहत सुधारने की उम्मीद लेकर अंदर आते हैं, उसी गेट पर संक्रमण का खुला आमंत्रण दिया जा रहा है।
हैरानी की बात यह है कि अस्पताल प्रशासन की नाक के नीचे लापरवाही का यह पहाड़ खड़ा हो गया, लेकिन किसी जिम्मेदार ने सुध नहीं ली। खुले में पड़े इस वेस्ट मटेरियल की वजह से अस्पताल में आने वाले मरीज और उनके परिजन और ज्यादा बीमार पड़ रहे हैं।
मामला तूल पकड़ते ही CMHO डॉ. मनीष शर्मा ने इसे गंभीरता से लिया है। उन्होंने इसे पूरी तरह अस्वीकार्य बताते हुए अस्पताल प्रशासन को कड़ी फटकार लगाई है।







