भोपालमध्य प्रदेश

एपीके फाइल का उपयोग कर लोगों को ठगा जा रहा  

एपीके फाइल का उपयोग कर लोगों को ठगा जा रहा  
– साइबर सेल ने एपीके फाइल से दूर रहने की दी सलाह  
भोपाल यशभारत। डिजिटल तकनीक के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराधों में भी तेजी से इजाफा हो रहा है। कई लोग ठगी का शिकार हो रहे हैं। लोगों को साइबर अपराधों से बचाने के लिए साइबर क्राइम पुलिस ने नागरिकों को स्कैम धोखाधड़ी से सतर्क रहने की अपील की है। इस संबंध में एडवाइजरी भी जारी की गई है। साइबर सेल के अधिकारियों के मुताबिक  साइबर ठग अब फर्जी मोबाइल एप्लीकेशन (एपीके फाइल)के माध्यम से लोगों के फोन हैक कर रहे हैं और उनकी निजी जानकारी व बैंक डिटेल्स चुरा रहे हैं।
इन फाइलों से रहे सावधान 
ठग अक्सर ई चालान एपीके, पीएम किसान योजना, ५जी एपीके जैसी फाइलें भेजते हैं। ये फाइलें देखने में सरकारी या उपयोगी ऐप जैसी लगती हैं, लेकिन इन्हें डाउनलोड करते ही मोबाइल पर हैकर्स का नियंत्रण हो जाता है। ठग फोन के जरिए बैंक अकाउंट तक पहुंचकर पैसों की चोरी कर लेते हैं। कई मामलों में लोग तब सतर्क होते हैं जब उनके खाते से रकम गायब हो चुकी होती है।
अनजान लिंक को मोबाइल पर डाउनलोड नहीं करें
साइबर क्राइम सेल ने एडवाइजरी जारी कर कहा है कि किसी भी अनजान लिंक या व्हाट्सएप, एसएमएस से प्राप्त फाइल को डाउनलोड न करें। मोबाइल की इंस्टॉल अननोन एप्स सेटिंग बंद रखें और किसी से भी अपनी व्यक्तिगत जानकारी, पासवर्ड या ओटीपी साझा न करें।
ऐप इंस्टॉल होने पर करें यह 
यदि गलती से कोई संदिग्ध ऐप इंस्टॉल हो जाए, तो तुरंत मोबाइल का इंटरनेट बंद करें, सभी पासवर्ड बदलें और जीमेल में टू-स्टेप वेरिफिकेशन ऑन करें। साथ ही व्हाट्सएप में जाकर अज्ञात डिवाइस से लॉगआउट करें ताकि कोई आपके डेटा का दुरुपयोग न कर सके।
हेल्पलाइन से ली जा सकती है मदद
पुलिस ने कहा है कि साइबर अपराध की सूचना तुरंत दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। नागरिक राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 या स्थानीय नंबर 9479990636 पर संपर्क कर सकते हैं। साइबर विशेषज्ञों ने कहा कि जागरूकता ही सुरक्षा है। यदि नागरिक सतर्क रहेंगे, अनजान लिंक या ऐप से बचेंगे और समय-समय पर मोबाइल की सुरक्षा सेटिंग्स अपडेट करते रहेंगे, तो ऐसे साइबर अपराधों से आसानी से बचा जा सकता है।
लोगों को जागरूक करने का प्रयास 
लोगों को जागरूक करने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है, मोबाइल यूर्जस किसी भी एप्लीकेशन को डाउनलोड करने से पहले पूरी पुष्टि कर लें। खासकर एपीके फाइल इंस्टॉल ना करें इससे डाटा सुरक्षित नहीं रहता है औ ठगी का शिकार भी हो सकते हैं।
– प्रणय नागवंशी, एसपी, स्टेट साइबर सेल

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button