बड़वानी में अनियंत्रित होकर पलटी यात्री बस, 16 घायल!

बड़वानी में अनियंत्रित होकर पलटी यात्री बस, 16 घायल!
भोपाल, यशभारत। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में रविवार सुबह एक सड़क हादसा हो गया। अंजड़-ठीकरी राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें लगभग 16 यात्री घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, जय माता दी डावर टूर एंड ट्रैवल्स की यह बस भोपाल से बड़वानी की ओर जा रही थी। दुर्घटना अंजड़ थाना क्षेत्र के ग्राम मंडवाड़ा और मनवाड़ा के बीच हुई। बताया जा रहा है कि अचानक सड़क पर एक जानवर आ गया, जिसे बचाने के प्रयास में चालक ने तेज गति में चल रही बस को अचानक रोकने की कोशिश की। इस कारण बस का नियंत्रण बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गई। बस में उस समय 60 से अधिक यात्री सवार थे।
हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुँचीं। वही घायल यात्रियों में से 11 को बड़वानी जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिसमें पांच अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जिनका अंजड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार किया गया।
एक यात्री ने बताया कि दुर्घटना के समय अधिकांश यात्री सो रहे थे और चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाने से बस पलट गई।






