किसान से 25 हजार की रिश्वत मांगने वाला पंचायत सचिव रंगे हाथों गिरफ्तार
जबलपुर ,यश भारत

किसान से 25 हजार की रिश्वत मांगने वाला पंचायत सचिव रंगे हाथों गिरफ्तार
जबलपुर ,यश भारत । इंदौर जिले में भ्रष्टाचार का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक गरीब किसान से मकान निर्माण की अनुमति देने के बदले पंचायत सचिव द्वारा रिश्वत मांगी गई। शिकायत मिलने पर आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।शिकायतकर्ता मोहित ने बताया कि वह एक गरीब परिवार से है। उसके पिता ने मजदूरी करके बड़ी मेहनत से ग्राम बजरंग पालिया स्थित डॉल्फिन सिटी में 400 स्क्वायर फीट का ईडब्ल्यूएस प्लॉट खरीदा था। इस प्लॉट पर मकान बनाने की अनुमति के लिए उसने जिला पंचायत इंदौर में आवेदन दिया था, जो आगे पंचायत सचिव के पास पहुंचा।
आरोप है कि पंचायत सचिव अशोक सोलंकी (तहसील सांवेर, जिला इंदौर) ने इस कार्य के लिए 25,000 रुपये की रिश्वत मांगी। शिकायत मिलने पर पुलिस अधीक्षक, ईओडब्ल्यू द्वारा सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।इसके बाद ईओडब्ल्यू टीम ने कार्रवाई की रणनीति बनाकर विशेष दल का गठन किया। योजना के तहत शिकायतकर्ता मोहित को रिश्वत की राशि देने के लिए भेजा गया। आरोपी ने पहली किश्त के रूप में 8,000 रुपये ले लिए।
जैसे ही मोहित ने पूर्व निर्धारित संकेत दिया, ईओडब्ल्यू टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आरोपी को रिश्वत की रकम के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया और हिरासत में ले लिया।आरोपी के खिलाफ शासकीय कार्य के बदले रिश्वत मांगने और लेने के तकनीकी एवं डिजिटल साक्ष्य मिलने के साथ-साथ मौके पर गिरफ्तारी के आधार पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7(सी) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।ईओडब्ल्यू इंदौर की टीम मौके पर विस्तृत कार्रवाई कर रही है। इस कार्रवाई में एक डीएसपी, पांच निरीक्षक और सात अन्य सदस्य शामिल हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस रिश्वत प्रकरण में अन्य किन अधिकारियों की भूमिका रही है।







