भोपालमध्य प्रदेश

होटल की आड़ में चल रहे ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे का पर्दाफाश, 3 सटोरिए गिरफ्तार

होटल की आड़ में चल रहे ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे का पर्दाफाश, 3 सटोरिए गिरफ्तार

ग्वालियर और भोपाल के बीच फैला था नेटवर्क, मुख्य सरगना पर इनाम घोषित; लाखों के लेन-देन का खुलासा

भोपाल, यशभारत। राजधानी में अपराध और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत भोपाल क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कोलार रोड स्थित एक होटल के संचालन की आड़ में चल रहे ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के बड़े कारोबार का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान तीन सटोरियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से लाखों रुपये के लेन-देन का हिसाब और सट्टे की आईडी बरामद हुई है।

मुखबिर की सूचना पर शिवाजी नगर में घेराबंदी
पुलिस उपायुक्त अखिल पटेल ने बताया कि क्राइम ब्रांच की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नूतन कॉलेज के पीछे, शिवाजी नगर में कुछ युवक मोबाइल के जरिए अवैध क्रिकेट सट्टा बुक कर रहे हैं। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और मौके से दीपक जाधव (36) और विजय यदुवंशी (36), दोनों निवासी साईं बाबा नगर, हबीबगंज को दबोच लिया।
जब पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के मोबाइल चेक किए, तो क्रोम ब्राउज़र पर पोर्टल पर सट्टे की आईडी लॉग-इन मिली। आईडी में 2,32,455 रुपये का बैलेंस था। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे कोच फैक्ट्री निवासी हेमंत सिंह परिहार उर्फ चंदू से आईडी खरीदकर सट्टा खिलाते थे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर हेमंत को भी गिरफ्तार कर लिया, जिसके पास से मिली आईडी में 1,05,256 रुपये का बैलेंस मिला।

जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपी दीपक जाधव कोलार रोड पर होटल गैलेक्सी का संचालन करता है। इसी होटल की आड़ में वह सट्टे का अवैध नेटवर्क चला रहा था। पुलिस अब होटल के रिकॉर्ड और वहां होने वाली अन्य गतिविधियों की भी गहनता से जांच कर रही है।

ग्वालियर से जुड़े हैं तार, मास्टरमाइंड पर इनाम
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ग्वालियर निवासी रोहित परिहार से कमीशन पर आईडी लेते थे। प्रकरण में रोहित परिहार और विनोद राजपूत अभी फरार हैं। पुलिस ने इन दोनों आरोपियों पर इनाम घोषित कर दिया है और उनकी तलाश में टीमें रवाना की गई हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button