भोपाल

नया क्रेडिट बनाने के बहाने जालसाज ने दुकानदार के खाते से दो लाख निकाले -पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को किया गिरफ्तार

नया क्रेडिट बनाने के बहाने जालसाज ने दुकानदार के खाते से दो लाख निकाले
-पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को किया गिरफ्तार
भोपाल, यशभारत।
कोहेफिजा थाना क्षेत्र में एसबीआई के क्रेडिट कार्ड बनाने वाले ऑउट सोर्स कर्मचारी ने एक दुकानदार को दो लाख रूपए का चूना लगा दिया। आरोपी ने नया क्रेडिट कार्ड बनाने के बहाने उनके खाते से रकम अपने खाते में ट्रांसफर कर ली। आरोपी ने जालसाजी की वारदात को दो दिन में अंजाम दिया। बैंक से रकम डेबिट होने का मैसेज आने पर धोखाधड़ी का पता चला। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
एसआई उपेन्द्र नाथ सिंह ने बताया कि जानकी नगर लालघाटी निवासी अशोक कुमार जैसवाल पुत्र ताराचंद(60) की गुफा मंदिर लालघाटी रोड पर किराना दुकान है। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनका क्रेडिट पुराना हो गया था। पिछले दिनों उनका संपर्क एसबीआई का क्रेडिट कार्ड बनाने वाले ऑउटसोर्स कर्मचारी अर्जुन मीणा से हुआ था। अर्जुन ने उन्हें बताया कि वह उनका नया क्रेडिट कार्ड बना देगा। गुरुवार को अर्जुन उनकी दुकान पर पहुंचा और नया क्रेडिट कार्ड बनाने के लिए पुराना कार्ड और उनका मोबाइल नंबर ले लिया। करीब आधा घंटे बाद उसने कहा कि कल तक कार्ड बन पाएगा। इसके बाद वह वहां से चला गया। अगले दिन शुक्रवार को अर्जुन वापस दुकान पर पहुंचा और फरियादी ने पुराना क्रेडिट कार्ड और मोबाइल लेकर दोबारा नया कार्ड बनाने लगा। करीब आधा घंटे बाद उसने बताया कि अभी आपका कार्ड नहीं बन पा रहा है, एक-दो दिन में कार्ड बन जाएगा। इसके बाद वह वहां से चला गया। इसके बाद दुकानदार अशोक कुमार के मोबाइल बैंक से 10 हजार रूपए और 1.95 लाख रूपए डेबिट होने का मैसेज आया। तब पता चला कि उनके खाते से गुरूवार को 10 हजार और अगले दिन 1.95 लाख रूपए दूसरे खाते में ट्रांसफर किए गए हैं। इसके बाद फरियादी ने थाने पहुंच कर शिकायत की थी। जिसकी जांच के बाद पुलिस ने आरोपी अर्जुन मीणा के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मूलत: कालापीपल का रहने वाला है। पुलिस आरोपी ने अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button