भोपालमध्य प्रदेश

साल की आखिरी रात भोपाल में ‘सिंघम’ स्टाइल में दिखेगी पुलिस, नशे और रफ्तार पर फुल स्टॉप!

साल की आखिरी रात भोपाल में ‘सिंघम’ स्टाइल में दिखेगी पुलिस, नशे और रफ्तार पर फुल स्टॉप!

​भोपाल,यशभारत। नए साल के स्वागत के उत्साह के बीच भोपाल पुलिस ने सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर ऑपरेशन न्यू ईयर की गाइडलाइंस जारी कर दी हैं। पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट आदेश दिए हैं कि जश्न की आड़ में कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​पुलिस के कड़े आदेश: इन नियमों का पालन है अनिवार्य
भोपाल के सभी होटल, क्लब, पब और रेस्टोरेंट को रात 12:30 बजे तक अपनी सेवाएं पूरी तरह बंद करनी होंगी। इसके बाद किसी भी व्यावसायिक परिसर में म्यूजिक या पार्टी पाई गई, तो संचालक के खिलाफ सीधे धारा 188 (सरकारी आदेश की अवहेलना) के तहत मामला दर्ज होगा। सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस के अनुसार, रात 10 बजे के बाद ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग बिना अनुमति के प्रतिबंधित रहेगा। रिहायशी इलाकों में शोर की शिकायत मिलने पर तुरंत म्यूजिक सिस्टम जब्त किया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस और थानों का बल रात भर सड़कों पर रहेगा। नशे में गाड़ी चलाने वालों के लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश आरटीओ से की जाएगी और वाहन तुरंत जब्त होगा।

इन रास्तों पर रहेगा कड़ा पहरा
​ट्रैफिक पुलिस ने शहर को 3 सेक्टरों में बांटकर विशेष व्यवस्था की है:
​वीआईपी रोड यहाँ सबसे ज्यादा भीड़ उमड़ती है, इसलिए आज रात यहाँ ‘वन-वे’ या आंशिक प्रतिबंध रह सकता है।
​प्रमुख चौकियां: एमपी नगर, बोर्ड ऑफिस चौराहा, बिट्टन मार्केट, और बैरागढ़ में विशेष ‘चेकिंग प्वाइंट्स’ बनाए गए हैं।
​अवैध पार्किंग पर क्रेन: नो-पार्किंग में खड़े वाहनों को क्रेन से उठाकर सीधे थाने पहुँचाया जाएगा।

​घरों में पार्टी करने वालों के लिए विशेष सूचना
​सड़कों पर कड़ाई को देखते हुए भोपाल में करीब 200 लोगों ने आबकारी विभाग से ‘एक दिवसीय अस्थायी लाइसेंस लिया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अगर आप घर पर पार्टी कर रहे हैं और शराब परोसी जा रही है, तो आपके पास लाइसेंस होना अनिवार्य है।घर के अंदर की पार्टी से पड़ोसियों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। हुड़दंग की शिकायत पर पुलिस को घर के अंदर जाकर कार्रवाई करने के अधिकार दिए गए हैं।

​5000 से ज्यादा जवान तैनात
​पूरे भोपाल में आज रात 5000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मी (महिला पुलिस बल सहित) मॉल, होटल और बाजारों में भीड़ के बीच मौजूद रहेंगे ताकि महिलाओं के साथ छेड़खानी या बदतमीजी की घटनाओं को रोका जा सके।

इनका कहना है…
इस साल भोपाल पुलिस ने नशे के खिलाफ ‘प्रहार’ अभियान के तहत रिकॉर्ड मात्रा में अवैध मादक पदार्थ जब्त किए हैं। आज की रात पुलिस का मुख्य फोकस इसी नशे के नेटवर्क को तोड़ना है ताकि शहर की शांति बनी रहे।

भोपाल आबकारी कंट्रोलर – रामगोपाल भदौरिया

इनका कहना है…
​हम चाहते हैं कि नागरिक नए साल का स्वागत हर्षोल्लास के साथ करें, लेकिन कानून की गरिमा बनी रहनी चाहिए। सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि रात 12:30 बजे तक हर हाल में होटल-पब बंद करा दिए जाएं। हुड़दंगियों और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी। शांति भंग करने की कोशिश करने वालों को रात थाने में ही बितानी पड़ सकती है।

भोपाल पुलिस आयुक्त – हरिनारायणचारी मिश्र

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button