
जबलपुर यश भारत। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल जल्द से जल्द जिला और नगर की कार्यकारिणी गठित करने के मूड में नजर आ रहे हैं। पिछले दिनों भोपाल में आयोजित हुई जिला और महानगर अध्यक्षों की बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया है कि सभी जिलों के और नगर के अध्यक्ष 25 जुलाई तक अपनी तैयारियां पूरी कर लें और सूची तैयार कर प्रस्तुत करें। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के इस फरमान के बाद अब नगर और जिला के अध्यक्ष के द्वारा कार्यकारिणी गठन को लेकर कवायद तेज कर दी गई है जिससे उम्मीद है कि नगर और जिला अध्यक्ष जल्द ही वरिष्ठ भाजपा नेताओं वरिष्ठजनों तथा निर्वाचित जनप्रतिनिधियों से रायशुमारी कर सूची तैयार कर प्रदेश नेतृत्व को भेज देंगे और उसके बाद उनकी सहमति मिलने पर नई कार्यकारिणी भी घोषित हो जाएगी। संभवतः यह पहला मौका है जब महानगर और जिला अध्यक्ष को घोषित हुए 5 से 6 महीने का समय बीत चुका है लेकिन अभी तक कार्यकारिणी नहीं बन पाई है और इसके पीछे कहीं ना कहीं वजह यह थी कि नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति में विलंब हुआ। अब जबकि श्री खंडेलवाल के रूप में प्रदेश को नया अध्यक्ष मिल गया है तो कार्यकारिणी को लेकर भी गतिविधियां तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी के महानगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर और ग्रामीण अध्यक्ष राजकुमार पटेल के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष श्री खंडेलवाल ने भोपाल में आयोजित बैठक में स्पष्ट संकेत दे दिए थे कि हर हाल में 25 जुलाई तक सूची तैयार कर ली जाए। लेकिन यदि इस तारीख को डेडलाइन माना जाए तो काफी कम समय बचा है ऐसे में अभी तक रायशुमारी पूरी न होने के कारण कार्यकारिणी के संभावित सूची को लेकर अध्यक्ष दुविधा में है। हालाकि नगर और जिला अध्यक्ष का कहना है कि वे लगातार कार्यकारिणी को लेकर वरिष्ठ नेताओं से रायशुमारी करने में लगे हैं और जल्द ही सूची तैयार कर प्रदेश नेतृत्व को भेज दी जाएगी।
इन पदों को लेकर मारामारी
चाहे महानगर की हो या की जिला की कार्यकारिणी सबसे ज्यादा मारामारी उपाध्यक्ष महामंत्री जिला मंत्री और मोर्चा व प्रकोष्ठों के प्रमुख पदों को लेकर है। शहर और जिला की बड़े नेता भी इसमें दिलचस्पी ले रहे हैं। सभी चाहते हैं की वे अपने ज्यादा से ज्यादा समर्थकों को नगर और जिला कार्यकारिणी में एडजस्ट करा सके। और उसके बाद जो बाकी बचते हैं उन्हें मोर्चा और प्रकोष्ठों में स्थान दिलाया जाए। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष श्री खंडेलवाल ने पहले ही यह स्पष्ट कर दिया था कि पहले महानगर और जिला कार्यकारिणियों का गठन होगा और उसके बाद ही प्रदेश की कार्यकारिणी घोषित की जाएगी। जिससे उम्मीद है कि अगस्त के महीने में जिला और महानगर की नई कार्यकारिणी सामने आ सकती है।







