जबलपुरदेशभोपालमध्य प्रदेशराज्य

नियम विरुद्ध प्रोफेसर पद पर नियुक्ति एवं पक्षपातपूर्ण परीक्षा व्यवस्था के विरोध में NSUI ने कुल सचिव को सौंपा ज्ञापन

जबलपुर, यशभारत।  राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के राष्ट्रीय सचिव देवकी पटेल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल द्वारा मध्यप्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, जबलपुर के कुल सचिव को एक ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज, जबलपुर की नर्सिंग स्टाफ श्रीमती ज्वाला चौकीकर के विरुद्ध गंभीर अनियमितताओं को लेकर दिया गया, जिनमें फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र के आधार पर प्रोफेसर पद पर नियुक्ति एवं परीक्षा कार्यों में पक्षपातपूर्ण भूमिका जैसे आरोप शामिल हैं।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि श्रीमती चौकीकर ने अनुश्री नर्सिंग कॉलेज से M.Sc. इन क्रिटिकल केयर नर्सिंग में शिक्षा प्राप्त की है, इसके बावजूद उन्हें भोपाल के हमीदिया अस्पताल, स्कूल ऑफ नर्सिंग में कार्डियो-थोरासिक विषय का एक्सटर्नल एग्ज़ामिनर नियुक्त किया गया। यह उनके शैक्षणिक विषय से पूर्णतः भिन्न है, जो विश्वविद्यालय की परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है।

यह भी आरोप है कि वे जिस प्रोफेसर पद पर कार्यरत हैं, उसमें नियुक्ति के लिए प्रस्तुत किए गए अनुभव प्रमाण पत्र की वैधता संदिग्ध है। इसके बावजूद उन्हें बार-बार हमीदिया अस्पताल में कभी इंटरनल, तो कभी एक्सटर्नल एग्ज़ामिनर बनाकर भेजा जा रहा है। यह संदेह उत्पन्न करता है कि परीक्षा प्रक्रिया में जानबूझकर एक ही व्यक्ति को प्राथमिकता दी जा रही है, जबकि भोपाल में विषय विशेषज्ञों की कोई कमी नहीं है।

NSUI ने मांग की है कि श्रीमती ज्वाला चौकीकर की नियुक्ति एवं उनके द्वारा प्रस्तुत अनुभव प्रमाण पत्र की उच्चस्तरीय स्वतंत्र जांच करवाई जाए, और जांच पूरी होने तक उन्हें किसी भी प्रकार के परीक्षा कार्य से विलग रखा जाए। साथ ही विश्वविद्यालय प्रशासन इस पूरे मामले पर स्पष्ट और सार्वजनिक जवाब दे ताकि छात्रों और शिक्षकों के बीच संस्थान की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनी रहे।

राष्ट्रीय सचिव देवकी पटेल ने चेतावनी दी है कि यदि इस विषय पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो NSUI इसे प्रदेशव्यापी छात्र आंदोलन के रूप में उठाएगी और छात्रहित की लड़ाई निर्णायक स्तर तक ले जाएगी।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से युवा कांग्रेस के रिजवान अली कोटि, प्रदेश सचिव अदनान अंसारी, प्रतीक गौतम, अनुराग शुक्ला,एजाज अंसारी, रियाज अली,शुभम चौधरी, अनिकेत, रवींद्र, सुमित, अंकित,उपस्थित थे

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button