गडकरी के दौरे से पहले एनएसयूआई नेताओं की गिरफ्तारी
विरोध में अधिवक्ता व छात्र नेता पहुंचे थाने

जबलपुर। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के जबलपुर प्रवास और फ्लाईओवर लोकार्पण कार्यक्रम से ठीक पहले राजनीतिक हलचल तेज हो गई। एनएसयूआई प्रदेश महासचिव नीलेश माहर और मोहम्मद अली को क्राइम ब्रांच जबलपुर ने गिरफ्तार कर थाना हनुमानताल में निरुद्ध कर दिया।छात्र नेताओं और अधिवक्ताओं ने इस कार्रवाई को अवैध और अलोकतांत्रिक करार दिया है। उनका कहना है कि लोकतांत्रिक विरोध की आवाज़ को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस का पक्ष
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मंत्री गडकरी के कार्यक्रम के दौरान एनएसयूआई पदाधिकारी काले झंडे दिखाकर विरोध प्रदर्शन कर सकते थे। इस आशंका के चलते एहतियाती कदम के तौर पर गिरफ्तारी की गई है।
विरोध में पहुंचे अधिवक्ता और छात्र नेता
गिरफ्तारी की खबर फैलते ही अधिवक्ता श्रीकांत विश्वकर्मा, मोहम्मद इरफान, आमिर पहलवान, यश गुर्जर, शंकर बैन, शुभम और यश सोनी सहित कई साथी थाने पहुँचे। उन्होंने निरुद्ध पदाधिकारियों से मुलाकात की और पुलिस कार्रवाई का विरोध दर्ज कराया।







