शातिर बदमाश छोटू व भैया पर एनएसए, केन्द्रीय जेल में निरुद्ध

जबलपुर,यशभारत। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए घमापुर थाना क्षेत्र के शातिर बदमाश राजेन्द्र ठाकुर उर्फ छोटू और राजेश सिंह ठाकुर उर्फ भैया के विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) के प्रतिवेदन पर जिला दण्डाधिकारी राघवेन्द्र सिंह (भा.प्र.से.) ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनएसए के तहत गिरफ्तारी वारंट जारी किया।
वारंट जारी होने के बाद थाना घमापुर पुलिस ने दोनों शातिर बदमाशों को विधिवत गिरफ्तार कर केन्द्रीय जेल जबलपुर में निरुद्ध कराया। पुलिस के अनुसार राजेन्द्र ठाकुर उर्फ छोटू (51) एवं राजेश सिंह ठाकुर उर्फ भैया (45), निवासी बरऊ मोहल्ला द्वारका नगर थाना घमापुर, के खिलाफ अवैध वसूली, हत्या का प्रयास, जुआ एक्ट, बलवा, मारपीट एवं विस्फोटक पदार्थ अधिनियम सहित करीब 20-20 गंभीर अपराध दर्ज हैं।
घमापुर थाना प्रभारी इंद्रा ठाकुर ने बताया कि 5 जनवरी को चुंगी चौकी क्षेत्र में विवाद की सूचना मिली थी। शिकायतकर्ता नीलम थदानी ने बताया कि 4 जनवरी की रात दुकान बंद करते समय उसके भाई के साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। इस दौरान आरोपियों द्वारा पत्थरबाजी और बम फेंकने की घटना भी हुई, जिससे घर की खिड़कियां और दरवाजों के कांच टूट गए। मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं सहित विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार दोनों भाई वर्ष 2000 से लगातार आपराधिक गतिविधियों में लिप्त हैं और इनके कारण क्षेत्र में भय व आतंक का माहौल बना हुआ था। बार-बार की गई प्रतिबंधात्मक कार्रवाइयों के बावजूद दोनों में कोई सुधार नहीं आया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एनएसए के तहत कार्रवाई प्रस्तावित की गई।







