अब बर्फबारी का कहर 110 सड़कें बंद, अंधेरे में डूबे गांव, टूरिस्ट फंसे
हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर और उत्तराखंड में ठंड का प्रकोप बढ़ा

नई दिल्ली, एजेंसी। हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर और उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने से मौसम बदल चुका है। रविवार को पहाड़ों पर बारिश हुई और मैदानी इलाकों में कहीं-कहीं बारिश देखने को मिली। हिमाचल के लाहौल स्पीति के ऊंचाई वाले इलाकों में 5 से 6 इंच बर्फ गिरी। शिमला, मंडी, कांगड़ा, कुल्लू, सिरमौर में सीजन की पहली बर्फबारी हुई। जम्मू कश्मीर में बर्फबारी और बारिश के कारण ठंड बढ़ने से पारा माइनस में चला गया है। जम्मू के 2 और कश्मीर के 9 जिलों में पारा माइनस में रिकॉर्ड हुआ है। जोजिला में सबसे ज्यादा ठंड है, जहां तापमान -19ए डिग्री तक पहुंच गया है। उत्तराखंड में भी रविवार को मौसम का मिजाज बदला। मैदानी इलाकों में बादल छाए रहे और पहाड़ों पर पहला हिमपात हुआ। बद्रीनाथ-केदारनाथ समेत चारों धाम पर हल्की बर्फबारी हुई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। इससे 5 जिलों में सीजन की पहली बर्फबारी हुई। वहीं अब मैदानी इलाकों में बारिश होने के आसार बन गए हैं। लाहौल स्पीति, चंबा की पांगी घाटी में हिमपात होने से झरने जम गए हैं और सड़कें ब्लॉक हैं। शिमला के साथ नारकंडा, कुफरी, चौपाल, सिरमौर के नौहराधार, चूड़धार में हिमपात हुआ है। मंडी में शिकारी देवी, कमरूनाग में बर्फ गिरी। शिंकुला, बारालाचा, कुंजुम दर्रा सहित रोहतांग में 3 से 4 इंच हिमपात से सड़कें बंद हैं। वहीं कुछ जिलों में बर्फबारी देखकर टूरिस्टों और सेब किसानों के चेहरे खिल गए हैं। दूसरी और लाहौल स्पीति के पहाड़ी इलाकों में टूरिस्टों और आम लोगों को नहीं जाने की सलाह दी गई है। हिमाचल प्रदेश में ताजा हिमपात के बाद सड़कों पर सफर खतरनाक हो गया है। सड़कों पर फिसलन बढ़ने से वाहन स्किड हो रहे हैं। सिस्सू, रोहतांग, जिस्पा में रविवार को 30 से ज्यादा वाहनों में 150 टूरिस्ट सड़क पर फिसलन के कारण फंस गए थे, जिन्हें रेस्क्यू किया गया। चंबा जिले का दुर्गम क्षेत्र पांगी बाकी हिमाचल से कट गया है। बर्फबारी के बाद लाहौल स्पीति, चंबा, कुल्लू में 110 से ज्यादा सड़कें बंद हैं। 125 बिजली के ट्रांसफॉर्मर ठप होने से गांव अंधेरे में डूब गए हैँ। सड़कें ब्लॉक होने से कई गांवों का संपर्क शहरों से कट गया है। अब बर्फबारी के साथ शीतलहर चल रही है। अधिकतम तापमान 2.1 डिग्री गिर गया है। सबसे ज्यादा 5.3 डिग्री की गिरावट सियोबाग के तापमान में रिकॉर्ड हुई।