भोपालमध्य प्रदेश

एमपी में उत्तर की हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन, कल्याणपुर 4.8 डिग्री के साथ सबसे ठंडा; 3 दिन बाद मावठे के आसार

Table of Contents

एमपी में उत्तर की हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन, कल्याणपुर 4.8 डिग्री के साथ सबसे ठंडा; 3 दिन बाद मावठे के आसार

ग्वालियर-चंबल में कोहरे का कहर, दिल्ली से आने वाली एक दर्जन ट्रेनें लेट; भोपाल में टूटा 10 साल का रिकॉर्ड।

भोपाल, यशभारत। मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड और उत्तर से आ रही बर्फीली हवाओं ने एक बार फिर आम जनजीवन को ठिठुरा दिया है। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात प्रदेश के कई जिलों में पारा लुढ़ककर 5 डिग्री सेल्सियस के नीचे पहुंच गया। शहडोल का कल्याणपुर 4.8 डिग्री और कटनी का करौंदी 4.9 डिग्री के साथ प्रदेश के सबसे ठंडे इलाके रहे। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि हिमालय में सक्रिय हो रहे शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) के चलते आगामी 3 से 4 दिनों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में ‘मावठा’ (हल्की बारिश) गिर सकता है।

कोहरे ने थामी ट्रेनों की रफ्तार उत्तर भारत की ओर से आ रहे घने कोहरे ने रेल यातायात को बुरी तरह प्रभावित किया है। ग्वालियर, चंबल और रीवा संभाग में गुरुवार सुबह दृश्यता (विजिबिलिटी) बेहद कम रही। इसके चलते दिल्ली की ओर से आने वाली मालवा एक्सप्रेस, झेलम एक्सप्रेस और सचखंड एक्सप्रेस समेत लगभग एक दर्जन ट्रेनें घंटों देरी से चल रही हैं। राजधानी भोपाल और इंदौर में भी हल्का कोहरा दर्ज किया गया।

प्रमुख शहरों का तापमान बड़े शहरों में ग्वालियर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री दर्ज हुआ। वहीं, भोपाल में 9.8, इंदौर में 10.2, जबलपुर में 10 और उज्जैन में 11.2 डिग्री सेल्सियस पारा रहा। रीवा, मंदसौर और खजुराहो जैसे शहरों में भी रात का तापमान 6 डिग्री के आसपास बना हुआ है।

टूटे ठंड के पुराने रिकॉर्ड मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, इस साल ठंड ने पिछले कई दशकों के रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। नवंबर में जहां 84 साल की सबसे ज्यादा ठंड पड़ी, वहीं दिसंबर ने 25 साल का रिकॉर्ड तोड़ा। जनवरी में भी ठंड का सितम जारी है और भोपाल में पिछले 10 वर्षों का रिकॉर्ड टूट चुका है।

फिलहाल अलर्ट नहीं, पर सावधानी जरूरी राहत की बात यह है कि मौसम विभाग ने फिलहाल प्रदेश में कहीं भी शीतलहर या कोल्ड डे का आधिकारिक अलर्ट जारी नहीं किया है। हालांकि, आने वाले दिनों में बादलों की आवाजाही और हल्की बूंदाबांदी से दिन के तापमान में गिरावट आने और ठिठुरन बढ़ने की संभावना जताई गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button