उत्तर और उत्तर पूर्वी हवाएं मौसम में घोले रखेंगी ठंडक, जबलपुर में बारिश के आसार नहीं

जबलपुर, यशभारत। मौसम विभाग ने जबलपुर और जबलपुर के आसपास के जिलों के किसानों के लिए राहत भरी मौसम भविष्यवाणी की है। दरअसल दो दिन पूर्व सागर संभाग में हुई हल्की ओलावृष्टि ने किसानों के माथे पर परेशानी की लकीरें उकेर दी थीं। मौसम विभाग के मुताबिक जबलपुर संभाग में मौसम शुष्क बना रहेगा। उत्तर और उत्तरपूर्वी हवाएं मौसम में ठंडक घोल रही हैं। शनिवार को मौसम विभाग ने न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो कि सामान्य से 2 डिग्री कम रहा। सुबह के वक्त वातावरण में 57 फीसदी आर्द्रता दर्ज की गई है। वहीं पिछले साल की बात की जाए तो आज के दिन न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
इधर उत्तरी हवाओं के चलते रात के वक्त लोगों को हल्की ठंड महसूस हो रही है, वहीं दिन के वक्त मौसम सामान्य लग रहा है। हालांकि बदलते मौसम में चिकित्सा विशेषज्ञ एहतियात बरतने की सलाह दे रहे हैं, गर्मी में अचानक एसी के प्रयोग को लेकर चेताया जा रहा है, वहीं एकदम से गर्म कपड़ों से दूरी लोगों को सर्दगर्म से पीड़ित कर सकती है। ऐसे में जरूरी है कि मौसम में आ रहे परिवर्तन को लेकर एकाएक दिनचर्या में परिवर्तन लाने से बचने की सलाह दी गई है।