
एसडीएम पंकज मिश्रा के खिलाफ लोकायुक्त में दर्ज नहीं हुआ कोई भी मामला शिकायतकर्ता फैला रहा भ्रम
जबलपुर, यश भारत। यश भारत के सोमवार के अंक में लोकायुक्त से संबंधित प्रकाशित समाचार में शिकायतकर्ता द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर यह उल्लेख किया गया था कि एसडीएम पंकज मिश्रा के विरुद्ध लोकायुक्त में मामला दर्ज हो चुका है। इस संबंध में अब लोकायुक्त एसपी द्वारा स्पष्ट किया गया है कि उक्त अधिकारी के खिलाफ कोई भी प्रकरण दर्ज नहीं किया गया है।
लोकायुक्त एसपी के अनुसार केवल एक शिकायत प्राप्त हुई है, जिस पर नियमानुसार प्रारंभिक जांच चल रही है। अभी तक न तो कोई एफआईआर दर्ज की गई है और न ही किसी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई की गई है। लोकायुक्त कार्यालय में इस प्रकार की शिकायतें प्राप्त होना सामान्य प्रक्रिया है, जिन पर तथ्यों के आधार पर जांच की जाती है।
यश भारत यह स्पष्ट करता है कि पूर्व में प्रकाशित समाचार शिकायतकर्ता द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी पर आधारित था, जो बाद में भ्रामक पाई गई। अतः इस समाचार के माध्यम से उसका खंडन किया जाता है तथा यह पुष्टि की जाती है कि संबंधित मामले में लोकायुक्त द्वारा कोई प्रकरण दर्ज नहीं किया गया है।







