देश

महंगाई का नया झटका: रसोई गैस 60 रुपये महंगी, कमर्शियल सिलेंडर में 115 रुपये बढ़ोतरी

मिडिल ईस्ट में बढ़े तनाव और कच्चे तेल की सप्लाई प्रभावित

नई दिल्ली,एजेंसी। मिडिल ईस्ट में बढ़े तनाव और कच्चे तेल की सप्लाई प्रभावित होने के कारण देशभर में रसोई गैस के दाम बढ़ा दिए गए हैं। तेल कंपनियों ने घरेलू और कमर्शियल दोनों गैस सिलेंडर की कीमतों में इजाफा किया है। इंडियन ऑयल की वेबसाइट पर नई दरें जारी कर दी गई हैं। नई दरों के अनुसार 14.2 किलो का घरेलू गैस सिलेंडर अब 60 रुपये महंगा हो गया है। इसके बाद दिल्ली में घरेलू सिलेंडर का दाम 853 रुपये से बढ़कर 913 रुपये हो गया है। इससे पहले अप्रैल 2025 में भी घरेलू सिलेंडर के दाम 50 रुपये बढ़ाए गए थे।

वहीं 19 किलो वाला कमर्शियल गैस सिलेंडर 115 रुपये महंगा हो गया है। नई दर लागू होने के बाद दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर का दाम 1768 रुपये से बढ़कर 1883 रुपये हो गया है। इससे पहले 1 मार्च 2026 को भी कमर्शियल सिलेंडर के दाम में करीब 31 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी।

अन्य शहरों में भी घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढ़ गए हैं। कोलकाता में यह 939 रुपये, मुंबई में 912 रुपये, चेन्नई में 928 रुपये, भोपाल में 918 रुपये, जयपुर में 916 रुपये, पटना में 1011 रुपये और रायपुर में 984 रुपये हो गया है।

इसी तरह कमर्शियल सिलेंडर कोलकाता में 1991 रुपये, मुंबई में 1835 रुपये, चेन्नई में 2043 रुपये, भोपाल में 1910 रुपये, जयपुर में 1990 रुपये, पटना में 2150 रुपये और रायपुर में 2109 रुपये में मिलेगा। कीमतों में इस बढ़ोतरी से आम उपभोक्ताओं और होटल-रेस्टोरेंट कारोबार पर असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button