भोपालमध्य प्रदेश

ईदगाह हिल्स वार्ड-10 में उपेक्षित शिव मंदिर बनेगा मुद्दा 

नगर निगम अब लेगा सुध, जिम्मेदारों पर उठ रहे सवाल  

ईदगाह हिल्स वार्ड-10 में उपेक्षित शिव मंदिर बनेगा मुद्दा 
– नगर निगम अब लेगा सुध, जिम्मेदारों पर उठ रहे सवाल  
यश भारत भोपाल। शहर के ईदगाह हिल्स स्थित वार्ड नंबर 10 में टीबी अस्पताल के सामने स्थित प्राचीन मंदिर की दुर्दशा अब सुर्खियों में है। वर्षों से उपेक्षा का शिकार यह धार्मिक स्थल अब अव्यवस्था और गंदगी में घिरा हुआ है। आसपास की मल्टी और निर्माण कार्यों ने न केवल मंदिर के स्वरूप को ढक दिया है, बल्कि श्रद्धालुओं के आने-जाने में भी परेशानी खड़ी कर दी है। स्थानीय लोगों की शिकायतों और मीडिया रिपोर्ट के बाद आखिरकार नगर निगम हरकत में आया है। निगम प्रशासन ने संबंधित सफाई अमले को मौके पर कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। गंगा प्रसाद शास्त्री ने बताया कि यशभारत में खबर प्रकाशन के बाद सुपरवाइजर ने जायजा लिया है। इस संबंध में सफाई कराने का आश्वासन भी दिया गया है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि मंदिर क्षेत्र में लंबे समय से गंदगी, कचरे के ढेर और जलभराव की समस्या बनी हुई है। श्रद्धालु पूजा के लिए मंदिर तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करते हैं। आसपास बनी बड़ी मल्टी के कारण न तो वहां पर्याप्त जगह बची है और न ही उचित निकासी की व्यवस्था। लोगों ने सवाल उठाया है कि जब यह विशाल इमारतें बनाई जा रही थीं, तब नगर निगम ने किसी प्रकार की प्लानिंग या एरिया की आवश्यकता का आकलन क्यों नहीं किया?
मंदिर चारों ओर से घिरा दीवारों से 
एक स्थानीय निवासी अर्जुन चौहान ने बताया मंदिर पहले खुले क्षेत्र में था, लेकिन अब चारों ओर से मल्टी की दीवारों में घिर गया है। आने-जाने का रास्ता भी संकरा हो गया है। कई बार शिकायत की, लेकिन निगम ने ध्यान नहीं दिया। अन्य रहवासी रविंद्र कदम ने बताया कि मंदिर के आस-पास नालियां जाम हैं, सफाई का अभाव है और कई बार जलभराव के कारण श्रद्धालु फिसलकर घायल हो चुके हैं।
सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के दिए निर्देश 
अब नगर निगम ने सफाई अमले को तुरंत मौके पर जाकर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मंदिर परिसर की साफ-सफाई, रास्ते की मरम्मत और आसपास के क्षेत्र से मलबा हटाने का काम जल्द शुरू किया जाएगा। निगम ने यह भी आश्वासन दिया है कि आने वाले समय में मंदिर तक जाने के लिए उचित मार्ग और लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी।
अधिकारियों ने नहीं किया निरीक्षण 
हालांकि, सबसे बड़ा सवाल अब भी यही है कि इतनी बड़ी मल्टी बिना पर्याप्त शहरी योजना और स्थानीय जनता की सुविधा को ध्यान में रखे कैसे बना दी गई? क्या इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों ने कभी निरीक्षण नहीं किया या फिर मामले को नजरअंदाज किया गया? शहरी विकास विशेषज्ञों का कहना है कि भोपाल में कई इलाकों में इस तरह की अव्यवस्थित कॉलोनियां और निर्माण कार्य सामने आ रहे हैं, जिनमें धार्मिक स्थल, पार्क और सार्वजनिक स्थानों की अनदेखी की गई है। इससे न केवल धार्मिक आस्था आहत होती है, बल्कि शहर की सौंदर्यता और व्यवस्था भी बिगड़ती है।
नगर निगम के अधिकारी अब यह दावा कर रहे हैं कि ईदगाह हिल्स वार्ड-10 का यह मंदिर जल्द ही साफ-सुथरा और व्यवस्थित स्वरूप में नजर आएगा। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इस बार केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई देखने को मिलेगी।
अमले को भेजा गया है
सफाई अमले को मौके पर भेजा गया है, जल्द ही कार्ययोजना तैयार कर व्यवस्था बनाई जाएगी। लोगों की आस्थाएं प्रभावित नहीं होने दी जाएंगी।
संस्कृति जैन, कमिश्नर, नगर निगम भोपाल

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button