गढ़ा से गायब हुई राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी मुुंबई में मिली: रिश्तेदार से मिलने बगैर बताए घर से निकली थी

जबलपुर, यशभारत। संजीवनी नगर के गढ़ा नवनिवेश कॉलोनी से गायब हुई 16 वर्षीय किशोरी मुंबई में दस्तयाब की गई है। परिजन किशोरी को लेने मुुंबई पहुंच गए, किशोरी अपने एक रिश्तेदार से मिलने घर से बगैर बताए गायब हो गई थी। बच्ची के गायब होने को लेकर परिजन कल शुक्रवार को एसपी कार्यालय पहुंचे और बच्ची को खोजने के लिए एक आवेदन दिया था।
मालूम हो कि तीन दिन पहले घर से स्कूल जाने का कहकर निकली छात्रा शुक्रवार शाम मुंबई में मिल गई। 11वीं की छात्रा निशानेबाजी में राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी है। छात्रा को फिलहाल मुंबई पुलिस की निगरानी में रखा गया है। जबलपुर से विशेष दस्ता छात्रा की सुपुर्दगी के लिए रवाना हो चुका है। पुलिस कप्तान सिद्धार्थ बहुगुणा ने फोन पर छात्रा के स्वजन को कार्रवाई की जानकारी से अवगत कराया। संभवत: शनिवार को छात्रा वापस आ जाएगी।
बता दें कि संजीवनी नगर थाना क्षेत्र निवासी 11वीं की छात्रा बुधवार सुबह संदिग्ध रूप से लापता हो गई थी। देर शाम तक परिजन छात्रा को खोजते रहे। जब कोई जानकारी नहीं लगी तो परेशान होकर संजीवनी नगर थाना पहुंचे। परिजन ने छात्रा के गुमशुदा होने की जानकारी दी। पुलिस ने मामले में प्रलोभन देकर अपहरण का प्रकरण दर्ज किया गया था। इधर, परिवार शुक्रवार दोपहर पुलिस अधीक्षक से भी मिलने के लिए एसपी आफिस पहुंचे थे। छात्रा की अंतिम मोबाइल लोकेशन भेड़ाघाट बायपास थी। उसके बाद पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा ने साइबर सेल और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। शुक्रवार की देर शाम एसपी ने फोन कर परिवार को बताया कि उनकी बेटी मुंबई में सुरक्षित है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि छात्रा अपने रिश्तेदार से मिलने मुंबई पहुंच गई थी।







