सतना। मैहर जिले के ताला थाना क्षेत्र अंतर्गत धतुई गांव में 71 वर्षीय बुजुर्ग महिला गीता अग्निहोत्री की नृशंस हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। इस जघन्य वारदात को अंजाम देने वाला कोई और नहीं, बल्कि मृतका की बहन का 22 वर्षीय नाती राजकुमार उर्फ मिसरा निकला।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने जमीन हड़पने की नीयत से इस खौफनाक हत्या को अंजाम दिया।गीता अग्निहोत्री निःसंतान थीं और उनके पति का करीब आठ साल पहले निधन हो चुका था। वह गांव में अकेली रहती थीं। उनके देवर और भतीजे रीवा में रहते थे, जो समय-समय पर उनका हालचाल लेने आते थे।
जब महिला का फोन नहीं लगा तो देवर का बेटा गांव पहुंचा। घर के आंगन में गीता अग्निहोत्री का शव पड़ा मिला। उनके सिर पर भारी पत्थर से वार के गंभीर निशान थे। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
5 एकड़ जमीन बना हत्या की वजह
जांच में सामने आया कि मृतका की बहन मानवती अग्निहोत्री की ससुराल भी उसी गांव में है। मानवती का नाती राजकुमार गीता अग्निहोत्री के नाम दर्ज करीब 5 एकड़ कृषि जमीन पर नजर लगाए हुए था। इस जमीन को लेकर अमरपाटन न्यायालय में मामला भी चल रहा था, जिसमें गीता का बयान होना था।
बयान से पहले कर दी हत्या
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि जमीन हाथ से निकलती देख वह 31 जनवरी की सुबह महिला के घर पहुंचा। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ा और उसने महिला को जमीन पर गिराकर भारी पत्थर से सिर कुचल दिया। झूमा-झटकी में महिला ने आरोपी को दांत से काट भी लिया था।
हत्या के बाद लूट भी की
हत्या के बाद आरोपी महिला के पैरों से चांदी की पायल और हाथ से अंगूठी निकालकर फरार हो गया। घर जाकर उसने खून से सने कपड़े बदले और सामान्य तरीके से घूमता रहा।
सबूतों के साथ आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर खून लगे कपड़े, चांदी की पायल और अंगूठी बरामद कर ली है। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Back to top button